T20 World Cup / क्यों रिंकू सिंह वर्ल्ड कप में शामिल नहीं किए गए, इस खिलाड़ी ने छीनी जगह

Zoom News : May 01, 2024, 06:00 AM
T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए सेलेक्टर्स ने भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम इंडिया का कप्तान रोहित शर्मा को बनाया गया है। उपकप्तानी की जिम्मेदारी हार्दिक पांड्या को सौंपी गई है। सेलेक्टर्स ने स्क्वाड में 15 प्लेयर्स को जगह दी है। वहीं चार प्लेयर्स को ट्रेवलिंग रिजर्व में रखा गया है। पिछले कुछ समय से बेहतरीन फॉर्म में चल रहे रिंकू सिंह को चांस नहीं मिला है। उन्हें ट्रेवलिंग रिजर्व में शामिल किया गया है। उनकी जगह एक और प्लेयर को सेलेक्टर्स ने तरजीह दी है। 

IPL 2024 में फीका रहा है प्रदर्शन

रिंकू सिंह ने भारतीय टीम के लिए टी20 इंटरनेशनल में साल 2023 में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने भारतीय टीम के लिए कई शानदार पारियां खेली। वह टीम के लिए पिछले एक साल में सबसे भरोसेमंद फिनिशर बनकर उभरे। 26 साल के इस प्लेयर ने भारत के लिए 15 T20I में 356 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 176.23 और औसत 89 है। वह विस्फोटक बैटिंग करने में माहिर हैं और चंद गेंदों में ही मैच का रुख बदल देते हैं। लेकिन आईपीएल 2024 में रिंकू सिंह अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। मौजूदा टूर्नामेंट में केकेआर के लिए 9 पारियों में उन्होंने 150 की स्ट्राइक रेट से केवल 123 रन बनाए हैं।

शिवम दुबे को मिला है मौका 

सेलेक्टर्स ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए रिंकू सिंह की जगह शिवम दुबे को चुना है। जिन्होंने मौजूदा सीजन में अपने खेल से सभी को प्रभावित किया है। इस धुरंधर बल्लेबाज को भले ही गेंद से अपना कौशल दिखाने का मौका नहीं मिला हो, लेकिन उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक नौ मैचों में 172.41 की स्ट्राइक रेट से 350 रन बनाए हैं। उन्होंने पिछले एक साल में भारतीय टीम में मिले अवसरों में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। दूसरी तरफ रिंकू सिंह गेंदबाजी नहीं करते हैं और शिवम दुबे उपकप्तान हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी में बेहतरीन ऑप्शन हो सकते हैं। 

टीम इंडिया के लिए बनाए इतने रन

शिवम दुबे अच्छी लय में हैं और उन्होंने पिछले कुछ समय से टीम इंडिया के लिए दमदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने भारतीय टीम के लिए साल 2019 में इंडिया के लिए अभी तक 21 T20I मैचों में 276 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 8 विकेट भी अपने नाम किए हैं। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER