COVID-19 Update / भारत समेत 3 देशों में 1 करोड़ केस, 210 देशों से भी ज्यादा

News18 : Aug 08, 2020, 06:33 AM
नई दिल्ली। कोरोना वायरस (Coronavirus) के सामने दुनिया की लाचारगी रोज-ब-रोज बढ़ रही है। इस महामारी के केस अब एक करोड़ से दो करोड़ होने वाले हैं। एक करोड़ केस तो अब महज तीन देशों में हो गए हैं। ये देश भारत, अमेरिका और ब्राजील हैं। इस समय सबसे अधिक केस अमेरिका (America) में है। दुनिया का सबसे शक्तिशाली माने जाने वाले इस देश में 50 लाख से ज्यादा केस हैं। भारत (India) में कोरोना केस की संख्या 21 लाख को छूने वाली है। जबकि, ब्राजील (Brazil) में 30 लाख के करीब लोग कोविड-19 से संक्रमित हो चुके हैं। इन तीन देशों में कोरोना से 3 लाख से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। यह दुनिया की कुल मौतों से आधे से थोड़ा ही कम है।

भारत में बुधवार को 61 हजार कोरोना केस आए। यह लगातार दूसरा दिन है, जब देश में 60 हजार से अधिक केस आए हैं। कोविड19 इंडिया के मुताबिक भारत में अब में कुल 20।86 लाख केस हो गए हैं। देश में इस समय 6 लाख 16 हजार से ज्यादा एक्टिव कोरोना केस हैं। जबकि, 14 लाख 27 हजार लोग कोरोना से संक्रमित होने के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। देश में शुक्रवार रात तक 42 हजार 500 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। भारत से ज्यादा मौतें सिर्फ चार देशों अमेरिका, ब्राजील, मैक्सिको और ब्रिटेन में हुई हैं। सबसे ज्यादा मौतें अमेरिका में हुई हैं।


3 देश, 1 करोड़ केस

वर्ल्डोमीटर के मुताबिक शुक्रवार रात 11:45 बजे तक दुनिया में कोरोना वायरस के कुल 1.94 करोड़ केस हो चुके थे। इनमें से एक करोड़ 70 हजार केस सिर्फ भारत, ब्राजील और अमेरिका में हैं। सात अगस्त की देर रात तक भारत में 20.86 लाख, ब्राजील में 29.30 लाख और अमेरिका में 50.53 लाख केस थे। इसी वक्त दुनिया के बाकी हिस्से में 93.33 लाख केस थे।

3 देश, 3 लाख मौतें

भारत, ब्राजील और अमेरिका सिर्फ सबसे अधिक केस के मामले में ही रिकॉर्ड नहीं बना रहे हैं। इन तीन देशों में अब तक कोरोना वायरस की वजह से 3 लाख से अधिक जानें चली गई हैं। अमेरिका में अब तक 1.63 लाख लोग मारे जा चुके हैं। ब्राजील में 98.84 हजार और भारत में 42.56 हजार कोरोना के शिकार हो चुके हैं। दुनिया में इस वक्त तक करीब 7.20 लाख लोग कोरोना की वजह से मारे जा चुके हैं।

210 देश, 4.17 लाख मौतें

वर्ल्डोमीटर के मुताबिक दुनिया में सात अगस्त तक करीब 213 देशों में कोरोना वायरस का संक्रमण फैल चुका है। इनमें से भारत, पाकिस्तान समेत 25 देशों में 1 लाख से ज्यादा केस हो चुके हैं। भारत समेत तीन देशों में तो 20 लाख से ज्यादा केस हैं। वहीं, अगर हम भारत, अमेरिका, ब्राजील को छोड़ दें तो दुनिया के बाकी 210 देशों में 93.33 लाख केस हैं। इन 210 देशों में करीब 4.17 लाख लोग मारे गए हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER