विश्व / बाढ़ और भूस्खलन में 17 की मौत, एक जिले में 24 घंटे में 31 सेमी पानी बरसा

Dainik Bhaskar : Jul 13, 2019, 09:58 PM
गृह मंत्रालय ने किसी भी खतरे से निपटने के लिए अलर्ट जारी किया, राहत-बचाव कार्य में जुटे जवान

मुलपानी क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त, मोरंग से 400 और बारा से 35 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर भेजा

काठमांडू। नेपाल में पिछले 24 घंटे में हुई भारी बारिश जनित बाढ़ और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त हुआ है। नेपाल पुलिस के अनुसार, बाढ़ में 17 लोगों की मौत हो गई, 6 लोग लापता है। 13 जख्मी हैं। बारिश के चलते मुलपानी क्षेत्र के मोरंग से 400 और बारा से 35 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है। बड़े पैमाने में राहत एवं बचाव कार्य में जवान जुटे हुए हैं। अकेले सिमरा जिले में 24 घंटे में 31 सेमी पानी बरस गया।

आपदा के चलते गृह मंत्रालय ने किसी भी खतरे से निपटने के लिए अलर्ट जारी किया है। 

बारिश से राजमार्गों पर यातायात ठप

पिछले कुछ दिनों से नेपाल में हो रही बारिश से कई स्थानों पर बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। इससे कई शहरों को जोड़ने वाले राजमार्गों पर यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ है।

बारिश के चलते कई नदियां उफान पर हैं और खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इससे तटबंधों के निकट बसे लोगों के घरों पर खतरा बढ़ गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अकेले सिमारा जिले में 24 घंटे 311.9 मिमी (31.19 सेमी) बारिश हुई, जबकि जनकपुर जिले में 245.2 मिमी (24.52 सेमी) बारिश दर्ज की गई। इस बीच, काठमांडू में 115.2 मिमी (11.52 सेमी) बारिश होने की जानकारी है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER