देश / महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के 20,598 नए मामले, 455 मरीजों की मौत

News18 : Sep 21, 2020, 06:51 AM
मुंबई। महाराष्ट्र (Maharashtra) में रविवार को कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण के 20,598 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 12,08,642 पर पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसी अवधि में कोविड-19 (Covid-19) के 455 मरीजों की मौत के बाद इस घातक वायरस के कारण राज्य में अब तक जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 32,671 हो गई। इन 455 नई मौतों में से 238 मौतें पिछले 48 घंटों में हुईं थी।

वहीं, रविवार को 26,408 लोगों को ठीक होने के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। राज्य में अब तक 8,84,341 मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। राज्य में फिलहाल 2,91,238 मरीज उपचाराधीन हैं। मुंबई (Mumbai) शहर में रविवार को संक्रमण के 2,209 नए मरीज मिलने के बाद आंकड़ा 1,84,439 पहुंच गया जबकि 44 और मरीजों की मौत के साथ ही मृतक संख्या बढ़कर 8,469 हो गई। वहीं मुंबई महागर क्षेत्र में संक्रमण के 5,209 नए मामले सामने आने के बाद आंकड़ा 4,35,201 पहुंच गया। मुंबई शहर इसी क्षेत्र में आता है। एक दिन में 99 मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 14,780 हो गई।

पुणे (Pune) शहर में संक्रमण से 1,774, नागपुर शहर में 1,612 और औरंगाबाद में 397 नए मामले सामने आए। राज्य में संक्रमण से ठीक होने की दर 73।17 प्रतिशत जबकि मृत्यु दर 2।7 प्रतिशत है। राज्य में अब तक 58,72,241 कोविड-19 नमूनों की जांच की जा चुकी है।

106 साल की महिला ने दी कोरोना को मात

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 106 वर्षीय एक महिला ने कोविड-19 संक्रमण को हरा दिया और ठीक होने के बाद रविवार को अस्पताल से डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों ने गर्मजोशी से उन्हें घर भेजा। अस्पताल में 10 दिन रहने के बाद घर जाते हुए महिला ने खुशी से अपना डिस्चार्ज प्रमाणपत्र मीडिया को दिखाया। महिला की बहू ने बताया कि डोंबिवली निवासी महिला में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद कोई भी अस्पताल उनकी उम्र देखते हुए उन्हें भर्ती करने को तैयार नहीं था।

उन्होंने बताया कि कल्याण डोंबिवली नगर निगम द्वारा सावलाराम क्रीड़ा संकुल में बनाए गए कोविड-19 उपचार केंद्र में उन्हें 10 दिन पहले भर्ती कराया गया और वहां डॉक्टरों और मेडिकल टीम ने उनकी उचित अच्छी देखभाल की।

महाराष्ट्र में ठीक हुए 23 हजार मरीज

बता दें देश में बीते 24 घंटे में 94,612 लोग कोरोना वायरस के संक्रमण से ठीक हुए हैं। संक्रमण से उबरने वाले मरीजों की संख्या 43,03,043 हो गई है और ठीक होने की दर 79।68 फीसदी पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि संक्रमण से ठीक हुए नए मरीजों में से 60 फीसदी पांच राज्यों – महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु से हैं। वहीं 52 प्रतिशत नए मामले में भी इन्हीं पांच राज्यों से हैं।

मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 23,000 मरीज महाराष्ट्र में ठीक हुए हैं, जबकि कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में 10-10 हजार मरीज संक्रमण से उबरे हैं। उसने बताया कि लगातार दूसरे दिन 94,000 से ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER