रायपुर / जवानों से मुठभेड़ में 2 इनामी सहित 3 नक्सली ढेर; मुखबिरी के शक में नक्सलियों ने ग्रामीण की हत्या की

Dainik Bhaskar : Sep 14, 2019, 01:29 PM
दंतेवाड़ा/ बीजापुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले दंतेवाड़ा और बीजापुर में शनिवार सुबह हुई मुठभेड़ मेंं जवानों ने तीन नक्सलियों को मार गिराया। दंतेवाड़ा में जवानों ने मुठभेड़ में 5-5 लाख रुपए के दो इनामी नक्सलियों को ढेर किया। मौके से जवानों ने 12 बोर की राइफल और 9 एमएम की एक पिस्टल बरामद की है। वहीं बीजापुर में एक नक्सली मारा गया। दूसरी ओर दंतेवाड़ा में ही सुबह नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में जनअदालत लगाकर एक ग्रामीण की हत्या कर दी

नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर पहुंची थी टीम

दंतेवाड़ा एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया कि किरंदुल क्षेत्र में कुटेरम के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद थाने से डिस्ट्रिक्ट रिजर्व ग्रुप (डीआरजी) की टीम को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया। जंगलों में जवानों की नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। इसमें दो नक्सली मारे गए। नक्सलियों की शिनाख्त लच्छू मंडावी और पोदिया के रूप में हुई है। दोनों ही नक्सली संगठन मलांगीर एरिया कमेटी के सदस्य थे। उन पर 5-5 लाख रुपए का इनाम था। 

तड़के बीजापुर में हुई मुठभेड़, शव और हथियार बरामद

वहीं बीजापुर के आवापल्ली थाना क्षेत्र के पुन्नूर की पहाड़ियों में तड़के डीआरजी जवानों और पुलिस बल के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक नक्सली को ढेर हो गया। जवानों ने मारे गए नक्सली का शव और 315 बोर की बंदूक बरामद की है। हालांकि अभी तक मारे गए नक्सली की पहचान नहीं हो सकी है। मुठभेड़ की पुष्टि एसपी दिव्यांग पटेल ने की है। जवानों के लौटने के बाद ही मुठभेड़ को लेकर ज्यादा जानकारी सामने आ सकेगी। 

 जनअदालत लगाकर सुनाई मौत की सजा

दूसरी ओर, किरंदुल क्षेत्र में ही एस्सार के पास नक्सलियों ने जनअदालत लगाकर एक ग्रामीण की हत्या कर दी। ग्रामीण पर पुलिस का मुखबिर होने का संदेह था। शव के पास ही एक पर्चा भी मिला है। जिस पर ग्राम पुलूम पंचायत मिडयामपारा मिड्यम मंजाल लिखा है। साथ ही मुखबिरी करने वाले को मौत की सजा देने की बात कही गई है। ग्रामीण की पहचान पुलुम पंचायत निवासी मीडियम मंजाल के रूप में हुई है। किरंदुल एसडीओपी धीरेंद्र पटेल ने बताया कि शव के पास ही एक झोला भी मिला है। बम की आशंका होने के चलते बीडीएस टीम को बुलाया गया है।

दंतेवाड़ा के उपचुनाव के लिए 23 सितंबर को होना है मतदान

दंतेवाड़ा में 23 सितंबर को विधानसभा के उपचुनाव का मतदान है। जिसे देखते हुए नक्सलियों की सरगर्मी फिर बढ़ गई है। पुलिस को भी लगातार इनपुट मिल रहे हैं। कुटरेम इलाके में नक्सलियों के जमावड़े की बड़ी सूचना मिल रही थी। पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। ग्रामीण और जंगलों पर खास नजर रखी जा रही है। कुछ ही महीने पहले दंतेवाड़ा में भाजपा विधायक भीमा मंडावी की नक्सली धमाके में हत्या के बाद उपचुनाव होने हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER