कोरोना वायरस / दिल्ली समेत भारत के 3 राज्य दे रहे दुनिया के 20 बड़े देशों को टक्कर

News18 : Jul 04, 2020, 07:47 AM
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इस खतरनाक वायरस के शुक्रवार देर रात तक देश में 6.49 लाख केस हो चुके हैं। करीब 18.70 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र समेत तीन राज्यों में हालात बेकाबू हो गए हैं। ये राज्य दुनिया के उन देशों के मुकाबले खड़े दिखते हैं, जहां कोरोना की बुरी मार पड़ी है। दुनिया के 20 देशों में एक लाख से अधिक केस हैं। वहीं, भारत के राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र (Maharashtra) और तमिलनाडु (Tamil Nadu) में एक लाख से अधिक केस हैं। दो दिन के भीतर दिल्ली (Delhi) भी एक लाख का आंकड़ा छू सकती है।

भारत में शुक्रवार को कोविड-19 (Covid-19) के करीब 22 हजार केस आए। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक देश में कोरोना के कुल केस 6.49 लाख हो गए हैं। शुक्रवार को देश में सबसे अधिक केस महाराष्ट्र में आए। तमिलनाडु और दिल्ली क्रमश: दूसरे और तीसरे नंबर पर रहे। तमिलनाडु ने शुक्रवार को ही एक लाख का आंकड़ा पार किया। वहीं दिल्ली एक लाख केस के और करीब आ गई। दुनिया की बात करें तो अब तक सिर्फ 20 देश ही ऐसे हैं, जहां एक लाख से अधिक केस हैं। इनमें भारत भी शामिल है।


2 दिन में 2 लाख केस हो जाएंगे महाराष्ट्र में

महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 6364 केस सामने आए। यह राज्य में एक दिन में आए सबसे अधिक केस हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1।92 लाख हो गई है। भारत को छोड़ दें तो दुनिया में सिर्फ 14 देश ऐसे हैं, जहां महाराष्ट्र से अधिक केस हैं। महाराष्ट्र रविवार को 2 लाख केस का आंकड़ा भी पार कर जाएगा। प्रदेश में अब तक कोरोना से 8376 लोग जान गंवा चुके हैं।


तमिलनाडु ने पार किया 1 लाख का आंकड़ा

तमिलनाडु में शुक्रवार को कोरोना वायरस के करीब 4,329 केस आए। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख के पार चली गई। तमिलनाडु में अब कोरोना के कुल केस करीब 1।02 लाख हो गए हैं। दुनिया में सिर्फ 19 देश (भारत छोड़कर) ही ऐसे हैं, जहां तमिलनाडु से अधिक केस हैं। भारत के इस दक्षिणी राज्य में कोरोना से 1,385 लोगों की मौत हो गई है।


दिल्ली की रफ्तार भी बेकाबू

महाराष्ट्र और तमिलनाडु की तरह दिल्ली में भी कोरोना बेकाबू दिख रहा है। राज्य में शुक्रवार को करीब 2520 केस सामने आए। इसके साथ ही दिल्ली में कोरोना के कुल केस 94,600 से अधिक हो गई। दुनिया में सिर्फ 20 देश (भारत छोड़कर) ही ऐसे हैं, जहां दिल्ली से अधिक केस हैं। कतर में करीब 98 हजार केस हैं। दिल्ली की रफ्तार देखकर लगता है कि वह जल्दी ही कतर को भी पीछे छोड़ देगी।


अमेरिका में सबसे अधिक केस

दुनिया में सबसे अधिक केस अमेरिका में हैं। यहां अब तक करीब 28।75 लाख केस आ चुके हैं। ब्राजील (15 लाख) दूसरे, रूस (6।7 लाख) तीसरे, भारत (6।5 लाख) चौथे और स्पेन (2।97 लाख) पांचवें नंबर पर हैं। पेरू (2।92 लाख) छठे, चिली (2।88 लाख) सातवें, ब्रिटेन (2।84 लाख) आठवें, इटली (2।41 लाख) नौवें और मैक्सिको (2।38) दसवें नंबर पर हैं। ईरान 11वें, पाकिस्तान 12वें, तुर्की 13वें, सऊदी अरब 14वें, जर्मनी 15वें, दक्षिण अफ्रीका 16वें, फ्रांस 17वें, बांग्लादेश 18वें, कोलंबिया 19वें और कनाडा 20वें नंबर पर हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER