COVID-19 Update / भारत में Corona से 40 हजार मौतें, आज 20 लाख कोरोना केस हो जाएंगे

News18 : Aug 06, 2020, 06:29 AM
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) से होने वाली मौतें बढ़ती ही जा रही हैं। देश में बुधवार को कोरोना से 900 से अधिक मौतें हुईं। इसके साथ ही भारत (India) में कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या 40 हजार पार कर गई। भारत इस महामारी से होने वाली मौतों के मामले में दुनिया में पांचवें स्थान पर है। सबसे अधिक केस के मामले में तो वह तीसरे नंबर पर ही है। भारत में इस समय रोजाना 50 हजार से अधिक केस आ रहे हैं। गुरुवार को देश में कुल कोरोना केस 20 लाख से अधिक हो जाएंगे। भारत में कोरोना से सबसे अधिक मौतें महाराष्ट्र में हुई हैं।


भारत में बुधवार को 54 हजार कोरोना केस आए। कोविड19 इंडिया के मुताबिक भारत में अब में कुल केस 19.60 लाख हो गए हैं। देश में कोरोना की रफ्तार देखकर कहा जा सकता है कि गुरुवार (6 अगस्त) को 20 लाख केस हो जाएंगे। दुनिया में ही दो ही देश हैं, जहां इतने अधिक केस हैं। भारत 20 लाख केस तक पहुंचने वाला तीसरा देश है। अभी दुनिया में सबसे अधिक केस अमेरिका (49।30 लाख) में हैं। ब्राजील 28.20 लाख केस के साथ दूसरे नंबर पर है। दुनिया में कुल 1.88 करोड़ केस हैं और 7.10 लाख लोगों की मौत हो चुकी है।


भारत से ज्यादा मौतें सिर्फ 4 देशों में

कोविड19 इंडिया के मुताबिक भारत में बुधवार को कोरोना से 919 मौतें हुईं। इसके साथ ही देश में इस महामारी से होने वाली मौतों की संख्या 40,739 हो गई। कोविड-19 (Covid-19) महामारी भारत में बुरी तरह से बेकाबू हो गई है। आशंका है कि 12-13 दिन के भीतर देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 50 हजार पार कर जाएगी। फिलहाल दुनिया में सिर्फ दो देश ही ऐसे हैं, जहां 50 हजार से अधिक मौतें हुई हैं। ये देश अमेरिका (America) और ब्राजील (Brazil) हैं। अमेरिका में 1।60 लाख और ब्राजील में 96 हजार मौतें हो चुकी हैं। मैक्सिको (49 हजार) और ब्रिटेन (46 हजार) में भी भारत से ज्यादा मौतें हुई हैं।

महाराष्ट्र में 16 हजार मौतें

भारतीय राज्यों की बात करें तो सबसे बुरे हालात महाराष्ट्र (Maharashtra) में हैं। यहां करीब 4।68 लाख केस हैं और 16 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। तमिलनाडु में 2।73 लाख केस हैं और 4400 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। इनके अलावा आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी एक-एक लाख से अधिक केस हैं। दिल्ली में 4000, कर्नाटक में 2800, उत्तर प्रदेश में 1800 और आंध्र प्रदेश में 1600 से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER