विश्व / वीज़ा अवधि से 3 महीना अधिक रुकने के कारण श्रीलंका में 44 भारतीय गिरफ्तार

Zoom News : Sep 05, 2019, 08:52 PM
श्रीलंका में आव्रजन अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को 44 भारतीयों को उनकी वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद तीन महीने से अधिक समय तक ठहरने के मामले में गिरफ्तार कर लिया।

‘डेली मिरर’ की खबर के अनुसार आव्रजन विभाग के अधिकारियों ने इन लोगों को उस समय गिरफ्तार किया जब वे कोलंबो के उपनगर स्लेव आइलैंड में एक निर्माण स्थल पर काम कर रहे थे।

सहायक नियंत्रक (जांच) एम जी वी करियावासम ने कहा, ‘‘गिरफ्तार किये गये सभी लोग पुरुष हैं और इनकी उम्र 25 से 50 साल के बीच है।’’

उन्होंने कहा कि ये लोग वीजा समाप्त होने के करीब तीन महीने बाद तक रुके रहे।

करियावासम ने कहा कि पूछताछ में पता चला कि उन्हें नियमित आधार पर वेतन का भुगतान नहीं किया गया है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्हें मिरिहाना हिरासत केंद्र को सौंपा जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि एक अलग मामले में 18 अन्य भारतीयों के पासपोर्ट जब्त कर लिये गये हैं। वे भी इसी जगह काम कर रहे थे। उनके वीजा में उन्हें इस जगह पर काम करने की अनुमति नहीं है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER