Coronavirus / पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना के 88,600 नए केस, संक्रमितों की कुल संख्या 60 लाख तक पहुंची

Zoom News : Sep 27, 2020, 10:41 AM
Coronavirus: पिछले 24 घंटों में भारत में 88,600 नए कोविड-19 मामले सामने आए हैं और 1,124 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने जानकारी दी कि कोरोना के कुल 5,992,533 मामलों में 9,56,402 सक्रिय मामले, 49,41,628 ठीक हो चुके और 94,503 मौतें शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में अब कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 59 लाख 90 हजार हो गई है। इनमें से 94,503 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस की संख्या घटकर 9 लाख 56 हजार हो गई और 49 लाख 41 हजार लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। संक्रमण के एक्टिव केस की संख्या की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या करीब चार गुना अधिक है।

आईसीएमआर के अनुसार, देश में 26 सितंबर तक कोरोना के कुल 7 करोड़ 12 लाख 57 हजार सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। इनमें से 9 लाख 87 हजार 861 नमूनों की जांच कल की गई।

मृत्यु दर और एक्टिव केस रेट में लगातार गिरावट

राहत की बात है कि मृत्यु दर और एक्टिव केस रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मृत्यु दर गिरकर 1।58% हो गई। इसके अलावा एक्टिव केस जिनका इलाज चल है उनकी दर भी घटकर 16% हो गई है। इसके साथ ही रिकवरी रेट यानी ठीक होने की दर 82% पर है। भारत में रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है।

वैश्विक महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित है और यहां संक्रमित होने वालों की संख्या 7,065,019 पर पहुंच गयी है और अब तक 2,04,249 लोगों की जान जा चुकी है। 30,000 से अधिक मौतों वाले देशों में ब्राजील और भारत के अलावा मेक्सिको, ब्रिटेन, इटली, पेरू, फ्रांस और स्पेन शामिल हैं। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER