Cricket / धोनी के बर्थडे पर विराट हुए इमोशनल, कहा- आप बड़े भाई जैसे

Zoom News : Jul 07, 2022, 06:49 PM
Cricket | टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपना 41वां जन्मदिन मना रहे हैं। धोनी के 41वें बर्थडे पर पूर्व कप्तान विराट कोहली ने एक इमोशनल पोस्ट शेयर की है। धोनी ने अपनी कप्तानी के दौरान विराट पर उस समय भरोसा दिखाया, जब वह खराब फॉर्म से जूझ रहे थे और उन पर टीम से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा था। धोनी के इस भरोसे को विराट ने भी बेकार नहीं जाने दिया और जब फॉर्म में वापसी की, तो टीम इंडिया को कई सारी यादगार जीत दिलाई।

विराट ने धोनी को जन्मदिन की बधाई दी है और दो तस्वीरें शेयर की हैं। पहली फोटो 2011 वर्ल्ड कप फाइनल मैच के बाद की है। जब धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया चैंपियन बनी थी। धोनी ने विराट को तिरंगे के साथ लपेटा हुआ है। दूसरी फोटो आईपीएल में उस समय की है, जब दोनों अपनी-अपनी टीम के कप्तान थे।

विराट कोहली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) की कप्तानी छोड़ चुके हैं, जबकि महेंद्र सिंह धोनी ने भी आईपीएल 2022 से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) की कप्तानी छोड़ी थी, हालांकि बीच सीजन में उन्हें फिर से कप्तानी संभालनी पड़ी जब रविंद्र जडेजा ने कप्तानी वापस उन्हें सौंपने का फैसला लिया था। विराट ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'ऐसा लीडर जिसके जैसा कोई नहीं। आपने भारतीय क्रिकेट के लिए जो कुछ भी किया, उसके लिए शुक्रिया। आप मेरे लिए बड़े भाई जैसे बन चुके हो। आपके लिए हमेशा प्यार और सम्मान।'

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER