Crime / दीवार फांदकर घर में घुसने के बाद आरोपी ने किया नाबालिग से बलात्कार

Zoom News : Jan 11, 2021, 07:50 AM
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली इलाके में 14 साल की नाबालिग के साथ घर में बलात्कार करने का मामला सामने आया है। बलात्कार का आरोपी पड़ोस के एक युवक पर है। परिजनों के अनुसार, युवक ने बंदूक के बल पर किशोरी के साथ बलात्कार करने की घटना को अंजाम दिया। बाद में लड़की का शोर सुनकर परिजन जागे और लोगों को बुलाया। जिसके बाद सभी लोगों ने मिलकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे पुलिस को सौंप दिया।

खबर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही, लड़की की चिकित्सकीय जांच की गई, जिसमें बलात्कार की पुष्टि हुई है। जानकारी के अनुसार, रबूपुरा के एक किसान की 14 वर्षीय बेटी अन्य रिश्तेदारों के साथ घर में सो रही थी। लड़की और उसके छोटे भाई-बहन एक कमरे में थे, जबकि घर के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। आरोप है कि इसी बीच दीवार फांदकर पड़ोसी घर में घुस गया।

परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि आरोपी अपने साथ बंदूक भी लेकर आया था। उसने बंदूक के बल पर किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। इस बीच जब मौका पाकर पीड़िता ने शोर मचाया तो शोर सुनकर परिवार के लोगों की नींद खुली और परिवार के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। इतना ही नहीं, उन्होंने आरोपियों की पिटाई भी की।

इसके बाद परिवार ने पुलिस को इस घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER