बूंदी / नेहरू परिवार पर आपत्तिजनक टिप्पणी करके फंसी ये एक्ट्रेस, बूंदी में एफआईआर दर्ज

Dainik Bhaskar : Oct 12, 2019, 01:23 PM
बूंदी | फिल्म अभिनेत्री-बिग बॉस फेम पायल रोहतगी के खिलाफ बूंदी के सदर थाने में केस दर्ज किया गया है। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव चर्मेश शर्मा की शिकायत पर आईटी एक्ट 66 व 67 में एफआईआर दर्ज की गई है। रिपोर्ट के अनुसार पायल रोहतगी ने फेसबुक और ट्विटर पर स्वतंत्रता सेनानी मोतीलाल नेहरू की धर्मपत्नी स्वरूप रानी, पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की धर्मपत्नी कमला नेहरू, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर सोशल मीडिया पर कथित धर्मविरोधी टिप्पणियां की हैं।

शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने गुरुवार रात केस दर्ज कर लिया। सदर थानाधिकारी लोकेंद्र पालीवाल इसकी जांच कर रहे हैं। चर्मेश ने बताया कि पायल ने 21 सितंबर को फेसबुक पर नेहरू परिवार की महिलाओं का चरित्र हनन करनेवाला वीडियो डाला था। पायल रोहतगी कुछ फिल्मों, टीवी सीरियल और बिग बॉस में आ चुकी है। इससे पहले भी चर्मेश शर्मा की ओर से राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर सुब्रह्मण्यम स्वामी के खिलाफ भी केस दर्ज करा चुके हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER