इंडिया / 12 सितंबर को होगी कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों की बैठक: सोनिया गांधी

Live Hindustan : Sep 08, 2019, 07:04 AM
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में 12 सितम्बर को पार्टी महासचिवों तथा प्रदेश अध्यक्षों सहित सभी पदाधिकारियों की बैठक करेंगी। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में पार्टी की प्रदेश इकाईयों के अध्यक्ष, पार्टी के महासचिव तथा प्रदेश प्रभारियों के साथ ही कांग्रेस विधायक दल के नेता हिस्सा लेंगे। बैठक में वर्तमान राजनीतिक माहौल के साथ ही गांधी की विचारधारों को जन जन तक पहुंचाने के बारे में विचार विमर्श किया जाएगा।

बैठक में राष्ट्रपित महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर उनके योगदान को याद करने तथा महिलाओं तथा युवाओं को बापू के बताए रास्ते पर चलकर भय, झूठ तथा धूर्तता की राजनीति का मुकाबला करने और इसके खिलाफ निरंतर अपनी लड़ाई जारी रखने के बारे में रणनीति पर विचार किया जाएगा।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा स्वतंत्रता सेनानियों का संदेश देश के हर नागरिक तक पहुंचाने के लिए पार्टी देशभर में पदयात्राएं आयोजित करेगी। इस संबंध में बापू की जयंती पर दो अक्टूबर से नौ अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और वन मंत्री उमंग सिंघार के बीच बयानबाजी का मामला कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी की अनुशासन समिति को सौंप दिया है। पार्टी सूत्रों ने यहां बताया कि मुख्यमंत्री कमलनाथ की सोनिया गांधी के साथ दिल्ली में हुई लगभग आधे घंटे की मुलाकात के बाद ये निर्णय लिया गया। 

कमलनाथ ने पार्टी अध्यक्ष को पूरे मामले से अवगत कराते हुए रिपोर्ट भी उन्हें सौंपी। अब यह मामला अनुशासन समिति देखेगी, जिसके अध्यक्ष वरिष्ठ नेता ए के एंटोनी हैं। राज्य में हाल ही में सिंघार ने वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पर सार्वजनिक तौर पर गंभीर आरोप लगाए थे। समझाइश के बावजूद  सिंघार के तेवर पूरी तरह नरम नहीं पड़े थे, हालांकि अब वे शांत से नजर आ रहे हैं। इसके अलावा राज्य के कुछ अन्य नेताओं ने भी एक दूसरे के खिलाफ सार्वजनिक तौर पर आरोप लगाए थे। 


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER