Lockdown / देश में 6 जुलाई से खुलेंगे सभी स्मारक, सुरक्षा का रखना होगा ध्यान: संस्कृति मंत्री

News18 : Jul 02, 2020, 07:49 PM
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस (Coronavirus) का कहर जारी है। भारत में अब तक इस वैश्विक महामारी (Global Pandemic) से 6 लाख 4 हजार लोग संक्रमित हो चुके हैं जबकि 17,834 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। कोविड-19 (Covid-19) के कहर के बीच लॉकडाउन (Lockdown) के कारण रुकी आर्थिक गतिविधियों को भी पटरी पर लाने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में संस्कृति मंत्री ने गुरुवार को घोषणा की कि देश में एएसआई द्वारा संरक्षित सभी स्मारक 6 जुलाई से खोले जाएंगे। संस्कृति मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल (Prahalad Singh Patel) ने ट्वीट किया कि उन्होंने एएसआई के साथ फैसला लिया है कि देश में सभी स्मारक पूरी सुरक्षा के साथ 6 जुलाई से खोले जाएंगे। पटेल ने इस संबंध में अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट भी किया।

प्रहलाद सिंह पटेल ने अपने इस ट्वीट में मध्य प्रदेश के रायसेन में सम्राट अशोक द्वारा बनवाए गए सांची के स्तूप, दिल्ली में स्थित शेरशाह सूरी द्वारा बनवाए गए पुराना किला और मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित विश्व धरोहर खजुराहो की तस्वीर शेयर कर लिखा-"सांची (मध्यप्रदेश), पुराना किला (दिल्ली), खजुराहो (विश्व धरोहर) के प्रतीकात्मक चित्र। मैंने भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय, एएसआई के साथ निर्णय लिया है कि आगामी 6 जुलाई से सभी स्मारकों को पूर्णसुरक्षा के साथ खोला जा सकता है।"

पटेल ने इस ट्वीट में पीएमओ, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, अतुल्य भारत, पर्यटन मंत्रालय, संस्कृति मंत्रालय और बीजेपी मध्य प्रदेश को टैग किया है।

इससे पहले जून में संस्कृति मंत्रालय ने एएसआई के रखरखाव वाले 3,000 से अधिक स्मारकों में से 820 को फिर खोल दिया था जहां धार्मिक समारोह होते हैं। कोरोना वायरस संकट के मद्देनजर 17 मार्च से केंद्र सरकार द्वारा संरक्षित 3,691 स्मारक और पुरातत्व स्थल बंद थे जिनकी देखभाल एएसआई करता है।

मंत्री ने कहा कि स्मारक के अधिकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी कोरोना वायरस से संबंधित सभी प्रोटोकॉल का पालन करेंगे।

चरणबद्ध तरीके से दी जा रही है छूट

देश में कोरोना वायरस महामारी को फैलने से रोकने के लिए 25 मार्च को लॉकडाउन (बंद) की घोषणा की गई थी। सरकार ने जून से चरणबद्ध तरीके से इसमें छूट देना शुरू किया। जिसके तहत घरेलू यात्राओं को मंजूरी दी गई और कार्यालयों, बाजारों, मॉल समेत अन्य दुकानों को खोलना शुरू किया गया।

सरकार ने अनलॉक-2 (Unlock-2) में और छूट देते हुए इसके भी दिशानिर्देश जारी किए हैं। हालांकि देश में संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों जैसे ऐतिहासिक स्मारक, सिनेमाघर, खेल के मैदान, जिम आदि  खोलने की अनुमति नहीं दी गई थी। संस्कृति मंत्री के ऐलान के बाद 6 जुलाई से ऐतिहासिक स्मारक खोले जाएंगे। बता दें 1 जुलाई से ही देश में अनलॉक 2 शुरू हुआ है जिसमें कुछ छूटें दी गई हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER