इंडिया / मुख्यमंत्री अमरिंदर ने कहा- पार्टी अध्यक्ष के लिए प्रियंका योग्य उम्मीदवार उन्हें पूरा समर्थन मिलेगा

Dainik Bhaskar : Jul 29, 2019, 06:27 PM
नई दिल्ली. प्रियंका गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा जोर पकड़ने लगी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशी थरूर के बाद अब पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी कहा है कि अगर प्रिंयका गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बनने के लिए हां करती हैं, तो उन्हें हमारा पूर्ण सहयोग मिलेगा। इसके लिए पार्टी अध्यक्ष रह चुके राहुल गांधी को विचार करना चाहिए। जहां तक प्रियंका जी की बात है तो उन्हें पार्टी का पूर्ण समर्थन मिलेगा। हम उन्हें पूर्ण सहयोग करेंगे।

चंडीगढ़ में अमरिंदर ने कहा कि प्रियंका गांधी कांग्रेस अध्यक्ष के लिए योग्य उम्मीदवार हैं। वे इसके लिए बेहतर हैं और पार्टी की पसंद हैं। लेकिन, सब कुछ कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) पर निर्भर करता है। वर्किंग कमेटी ही इस पर फैसला लेगी। पंजाब के मुख्यमंत्री ने राहुल के इस्तीफे पर दुख जताया और कहा कि भारत युवाओं का देश है और किसी युवा नेता को ही पार्टी का चार्ज लेना चाहिए। 

शशि थरूर ने भी रविवार को कहा था कि पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल होंगी या नहीं, इसका फैसला गांधी परिवार करेगा। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि वह इस पद के लिए उम्मीदवार हो सकती हैं। लोकसभा चुनाव में हार के बाद 25 मई को राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। बाद में उन्होंने ट्विटर पर भी इसका ऐलान किया।

नेतृत्व की कमी होने से पार्टी को नुकसान हो रहा- थरूर

थरूर ने कहा था कि राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद नेतृत्व की कमी होने से पार्टी को अधिक नुकसान हो रहा है। पार्टी के लिए आगे का रास्ता अध्यक्ष के चुनाव होने के बाद ही खुल सकेगा। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के उस बयान का भी समर्थन भी किया जिसमें उन्होंने कहा था कि इस मोड़ पर एक युवा नेता ही कांग्रेस का नेतृत्व करने के लिए अधिक उपयुक्त होगा।

सीडब्ल्यूसी समाधान खोजने की कोशिश कर रही

उन्होंने कहा कि यह निश्चित रूप से सच है कि पार्टी प्रमुख पद को लेकर स्पष्टता की कमी के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों को नुकसान पहुंचा सकती है। उन्हें उम्मीद है कि सीडब्ल्यूसी मौजूदा स्थिति को लेकर बहुत गंभीर है और बिना किसी देरी के समाधान खोजने की पूरी कोशिश कर रही है।

थरूर ने मौजूदा स्थिति को लेकर निराशा जताई

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने पार्टी की मौजूदा स्थिति को लेकर निराशा जताई और कहा- वर्तमान में हम जिस स्थिति का सामना कर रहे हैं उस बारे में हम कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सकते। सीडब्ल्यूसी के लिए एक तरीका यह हो सकता है कि पहले वह पार्टी के लिए एक अंतरिम कार्यकारी अध्यक्ष का नाम रखे और फिर बाद में इसे भंग कर मुख्य अध्यक्ष के पद के लिए नए सिरे से चुनाव करवाए जाएं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER