देश / कुछ राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच अमित शाह ने की समीक्षा बैठक, जाने क्या कहा?

Zoom News : Feb 22, 2021, 09:10 PM
नई दिल्ली: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देश में कोरोना की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक की। ये बैठक ऐसे समय में हुई है जब देश के कुछ राज्यों में पिछले दिनों में कोरोना के मामले बढ़ गए हैं। इस बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन और गृह सचिव अजय भल्ला भी मौजूद थे।

गृह मंत्रालय के अधिकारी ने एक बयान में कहा कि गृह मंत्री ने देश में कोरोनो वायरस की स्थिति का जायजा लिया, खासकर उन राज्यों में जहां हाल ही में कोरोना मामले में बढ़ोतरी देखी गई है। इसके साथ ही देश में कोरोना टीकाकरण की स्थिति पर भी चर्चा हुई। गौरतलब है कि महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में कोविड-19 के मामलों में अचानक बढ़ोतरी की खबरें सामने आई हैं।

देश में कोरोना टीकाकरण की स्थिति

इस बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि अब तक देश में कोविड वैक्सीन कुल 1 करोड़ 14 लाख 24 हजार 94 लोगों को लगाई हैं। इसमें 75 लाख 40 हजार 602 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन दी गई हैं जिसमें से पहली डोज 64 लाख 25 हजार 60 लाभार्थियों को दी गई है। दूसरी डोज 11 लाख 15 हजार 542 लाभार्थियों को दी गई है। अब तक 38 लाख 83 हजार 492 फ्रंट लाइन वर्कर्स को वैक्सीन दी जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक चार राज्य लक्षद्वीप, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश में 75 फीसदी से अधिक फ्रंटलाइन वर्कर्स और स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है। टीकाकरण के बाद अब तक 41 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई। इनमें अस्पताल में 19 लोगों की मृत्यु हुई और अस्पताल के बाहर 22 लोगों की मृत्यु हुई। पिछले 24 घंटे में 2 मृत्यु हुई है। लेकिन किसी भी मृत्यु को अब तक वैक्सीन से नहीं जोड़ा गया है।

देश में कोरोना के 14 हजार 199 नए केस

देश में कोरोना के 14 हजार 199 नए मामले सामने आए है। नए मामले आने से कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1।10 करोड़ से ज्यादा हो गई। वहीं, लगातार पांचवें दिन एक्टिव मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई। सोमवार सुबह आठ बजे जारी अपडेट आंकड़ों के अनुसार नए मामलों के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1 करोड़ 10 लाख 5 हजार 850 हो गई है। इस बीच, संक्रमण से 83 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 1 लाख 56 हजार 385 हो गई है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER