आंध्र प्रदेश / विजयवाड़ा में होटल में लगी भीषण आग, सात लोगों की मौत

AMAR UJALA : Aug 09, 2020, 08:47 AM
आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा शहर के एक होटल में भीषण आग लग गई है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंच गया है। मिली जानकारी के अनुसार शहर में बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामले को देखते हुए इसे कोविड-19 सुविधा केंद्र के रूप में तब्दील किया गया था। 

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा शहर में कोविड सेंटर के रूप में प्रयोग किए जा रहे एक होटल में भीषण आग लग गई है। इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई है और 30 लोगों को सेंटर से बाहर निकाला गया है। वहीं, इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं। फिलहाल, दमकल विभाग मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटा हुआ है। साथ ही राहत बचाव का कार्य जारी है। 

मिली जानकारी के अनुसार शहर में बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामले को देखते हुए विजयवाड़ा स्थित स्वर्णा पैलेस होटल को कोविड-19 सुविधा केंद्र के रूप में तब्दील किया गया था। इस होटल में 40 के करीब कोरोना संक्रमित मरीजों को रखा गया था। वहीं, अन्य कर्मचारियों को मिलाकर कुल 50 लोग यहां रह रहे थे। 

आग लगने से कई लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। फिलहाल इस घटना में सात लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो गई है और माना जा रहा है मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल मृतकों के शवों को होटल से बाहर निकाल लिया गया है। 

दमकल विभाग सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गया और आग बुझाने में जुटा हुआ है। बताया गया है कि कई लोगों के होटल में फंसे होने की आशंका है। फिलहाल लोगों को बचाने के लिए राहत बचाव कार्य जारी है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER