बॉलीवुड / पति के साथ 100 किलोमीटर पैदल चली गर्भवती महिला को देख भावुक हुईं अनुष्का शर्मा

AMAR UJALA : Mar 30, 2020, 07:53 PM
बॉलीवुड डेस्क | कोरोना वायरस से एक तरफ जहां लोगों के मरने की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है। वहीं इस वायरस की वजह लगे लॉकडाउन से पलायन का सकंट भी पैदा हो गया है। सरकार की ओर से 21 दिनों के लिए पूरे भारत को लॉकडाउन किया गया। ऐसे में किसी को भी बेवजह घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। साथ ही यातायात सुविधा के भी फिलहाल के लिए बंद किया गया है। बावजूद इसके कई मजदूर और गरीब लोग शहर से अपने गांव जाने में लगे हुए हैं। 

यातायात की सुविधा ना होने के कारण ये लोगों मीलों पैदल चलकर अपनी मंजिल को हासिल करने की कोशिश में लगे हुए हैं। इस बीच बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री अनुष्का शर्मा सड़कों पर मुश्किलों में अपने सफर को तय कर रहे लोगों को देखकर भावुक हो गई हैं। दरअसल अनुष्का शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर पलायन कर रहे लोगों से जुड़ी खबरों को साझा किया है। जिसमें उन्होंने मुश्किलों से अपने सफर को पूरा कर रहे लोगों के लिए दुख प्रकट किया, साथ ही इन लोगों की मदद करने वालों की तारीफ भी की है। 

अनुष्का शर्मा ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक गर्भवती महिला और उसके पति के बारे में खबर साझा की, जिसमें बताया गया है कि रुपये ना होने के कारण इन दोनों को मालिक ने अपने घर से निकला दिया था। इसके बाद इन दोनों ने 100 किलोमीटर तक बिना खाना खाए अपना सफर तक किया। अपनी पोस्ट में अनुष्का शर्मा ने भावुक कैप्शन भी लिखा। उन्होंने लिखा, 'ऐसी कहानियां आपका दिल तोड़ देती हैं। ऐसा करने वाले मालिक को शर्म आनी चाहिए !!

इसके अलावा अनुष्का शर्मा ने एक और खबर साझा की जिसमें लिखा था कि हैदराबाद के एक कॉन्ट्रेक्टर ने शरणार्थियों के लिए शेल्टर होम बनाया है। सोशल मीडिया पर अनुष्का शर्मा की ओर से साझा की कई इन दोनों खबरों की काफी चर्चा हो रही है। गौरतलब है कि अनुष्का शर्मा और उनके पति विराट कोहली  कोरोना वायरस की वजह से प्रभावित हुए लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं। इन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पीएम केयर्स फंड को रुपये दान किए हैं।

इस बात की जानकारी अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने सोशल मीडिया के जरिए दी है। अनुष्का ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखा, 'मैं और विराट पीएम केयर्स फंड और मुख्यमंत्री राहत कोष को अपना समर्थन दे रहे हैं। कोरोना वायरस से प्रभावित लोगों को देखकर हमारा दिल टूट गया है। इस योगदान के पीछे हमारा सिर्फ एक ही लक्ष्य है उनका दर्द कुछ हद तक कम हो।' हालांकि उन्होंने ये नहीं बताया कि कितनी राशि दी है लेकिन अब इसका खुलासा हो गया है, लेकिन वेबसाइट आउटलुक इंडिया के अनुसार, अनुष्का और विराट के एक करीबी (जो कि इंडस्ट्री से ही है) ने बताया कि दोनों ने तीन करोड़ दान दिए हैं। यह राशि पीएम केयर्स फंड और महाराष्ट्र मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER