नई दिल्ली / चुनाव से पहले केजरीवाल का ऐलान- 200 यूनिट तक बिजली बिल माफ

Dainik Bhaskar : Aug 01, 2019, 03:20 PM
नई दिल्ली. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चुनाव से पहले दिल्लीवासियों के लिए लुभावनी योजनाओं की घोषणा कर दी। केजरीवाल ने दिल्ली में 200 यूनिट तक के बिजली के बिल माफ कर दिए। उन्होंने कहा कि अब से दिल्ली में अन्य राज्यों की तुलना में सबसे सस्ती दर पर बिजली दी जाएगी। केजरीवाल ने बताया कि 201 से 400 यूनिट तक बिल पर 50% सब्सिडी दी जाएगी। दिल्ली में विधानसभा चुनाव अगले 6 महीनों के भीतर होना तय है।

इससे पहले केजरीवाल ने दिल्ली में महिलाओं के लिए मेट्रो, डीटीसी और क्लस्टर बसों में फ्री यात्रा का ऐलान किया था। केजरीवाल ने जून में कहा था कि, ‘इसी महीने से नई बसें आनी चालू हो जाएंगी। इस महीने 25 से 30 बसें आ जाएंगी। अगले 12 महीने के अंदर 3 हजार के आसपास बसें दिल्ली में आ जाएंगी। सभी बसों में कैमरे होंगे। इस योजना पर करीब 700-800 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। यह सारा खर्च दिल्ली सरकार ही उठाएगी।’

‘हर राज्य में बिजली के दाम बढ़े, लेकिन दिल्ली में नहीं’

केजरीवाल ने कहा कि राजधानी में बिजली को लेकर कई समस्याएं थीं। पहले बिजली का बिल भी ज्यादा आता था। कंपनियों का हाल बुरा था। इंफ्रास्ट्रक्चर खराब हो चुका था। हमारी सरकार ने पिछले चार सालों में इन सभी को सुधारा है। पिछले चार साल में देश के हर राज्य में बिजली के दाम लगातार बढ़े, लेकिन दिल्ली में नहीं बढ़े। यह चमत्कार से कम नहीं है। आज बिजली कंपनियों के पास कैश है, उनके घाटे कम हो रहे हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER