देश / BJP की तिरंगा यात्रा में बजने लगा केजरीवाल का भाषण, AAP ने लिए मजे

Zoom News : Aug 14, 2022, 07:10 PM
New Delhi : देश धूमधाम से आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। शहर-शहर और गांव-गांव में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। इस बीच गुजरात में भाजपा की एक रैली में डीजे पर गलती से दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) संयोजक अरविंद केजरीवाल का भाषण बजने की घटना सामने आई है। आप के गुजरात अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने वीडियो शेयर करते हुए यह दावा किया है। हालांकि, हिन्दुस्तान इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

गोपाल इटालिया ने वीडियो के साथ ट्वीट किया, ''गुजरात के कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र त्रिवेदी और भाजपा सांसद रंजनबेन भट्ट की मौजूदगी में निकाली तिरंगा यात्रा में अरविंद केजरीवाल का स्पीच बज रहा है। मंत्री जी हाथ उठाकर इसको बंद करवा रहे है। केजरीवाल की स्पीच के शब्द और इनके चहेरे एक साथ देखो!! गुजरात मे झाड़ू चल रहा है।''

आम आदमी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी इसे शेयर करते हुए लिखा गया है, ''BJP की यात्रा में चला केजरीवाल का मैजिक। गुजरात के कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र त्रिवेदी और बीजेपी सांसद रंजनबेन भट्ट ने खड़े होकर DJ द्वारा चलाई केजरीवाल जी की "भारत निर्माण" की स्पीच को ध्यान से सुना।''

वीडियो में दिख रहा है कि सांसद और मंत्री हाथ में तिरंगा लेकर लहरा रहे हैं, उसके साथ सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद हैं। अनाउंस किया जा रहा है कि राजेंद्र तिवारी की अगुआई में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। तभी केजरीवाल के भाषण की आवाज आने लगती है। यह सुनकर सभी हैरान रह जाते हैं और डीजे को बंद कराया जाता है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER