देश के लिए बड़ा दिल / सैनिक हो या बाढ़ के मारे गरीब, संकट के कई मौकों पर अक्षय आगे आकर दे चुके करोड़ों की मदद

Dainik Bhaskar : Mar 29, 2020, 08:20 AM
बॉलीवुड डेस्क | कोरोनावायरस के खतरे से निपटने के लिए अक्षय कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'पीएम-केयर्स फंड' में 25 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है। ये पहला मौका नहीं है, जब देश पर आई किसी मुसीबत को देख अक्षय ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। कोई प्राकृतिक आपदा हो या सामाजिक रूप से कोई पहल करना हो, अक्षय कई मौकों पर अपनी दरियादिली दिखा चुके हैं। खासकर शहीदों की मदद करने में वे हमेशा आगे रहते हैं। 

जनवरी 2017 में अक्षय ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था। जिसमें उन्होंने कहा वो शहीद परिवारों के लिए एक ऐसी वेबसाइट या मोबाइल एप लेकर आना चाहते हैं जिसके जरिए आम जनता भी शहीद के परिवारों की मदद कर सके। इसके बाद उन्होंने गृह मंत्रालय जाकर वहां के अफसरों से इस बारे में चर्चा की थी और इसके ढाई महीने बाद उनका सपना साकार हो गया था। अप्रैल 2017 में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 'भारत के वीर' मोबाइल एप और पोर्टल की शुरुआत की। जिसके जरिए देश का कोई भी नागरिक 1 रुपए से लेकर अपनी क्षमता के मुताबिक राशि सैनिकों की मदद के लिए दान कर सकता है। इस राशि का इस्तेमाल शहीदों के परिवार और सेना की मदद के लिए किया जाता है।

पुलवामा हमले के शहीदों के लिए दिए थे 5 करोड़ रु

फरवरी 2019 में जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों के काफिले पर हुए हमले में 40 से ज्यादा जवान शहीद हो गए थे। इस हमले के बाद अक्षय ने गृह मंत्रालय की ओर से फंड जुटाने के लिए बनाए गए भारत के वीर ट्रस्ट में 5 करोड़ रुपए दान किए थे। 16 फरवरी को इस डोनेशन के साथ ही उन्होंने फैंस से भी अपना योगदान देने का आग्रह किया था।

असम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दिए थे 2 करोड़

जुलाई 2019 में असम में आई भयानक बाढ़ की वजह से जमकर तबाही मची थी। जिसके बाद अक्षय ने मुख्यमंत्री राहत कोष और काजीरंगा नेशनल पार्क के बाढ़ राहत कोष में 1-1 करोड़ रुपए दान दिए थे। साथ ही उन्होंने ट्वीट करते हुए अन्य लोगों से भी मदद करने की अपील की थी। उन्होंने लिखा था- 'असम में बाढ़ से हुई तबाही के बारे में जानकर दिल बेहद दुखी है। इस मुश्किल की घड़ी में मनुष्य या जानवर दोनों को ही मदद की बेहद जरूरत है। मैं सीएम राहत कोष में और काजीरंगा नेशनल पार्क के रेस्क्यू दोनों के लिए 1-1 करोड़ रुपए दान करना चाहता हूं, और दूसरों से भी मदद की अपील कर रहा हूं।'

केरल बाढ़ के वक्त दान में दी थी मोटी रकम

साल 2018 में केरल में भीषण बाढ़ आई थी, उस वक्त भी अक्षय कुमार ने आगे आकर मुख्यमंत्री राहत कोष में दिल खोलकर दान दिया था। मदद का चेक उन्होंने अपने दोस्त प्रियदर्शन के हाथों केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के पास भिजवाया था। हालांकि उन्होंने कितनी रकम दान में दी थी, इस बात का खुलासा किसी ने नहीं किया।

ट्रांसजेंडर शेल्टर होम के लिए दिए थे 1.5 करोड़

मार्च 2020 में अक्षय ने चेन्नई में बनने वाले देश के पहले ट्रांसजेंडर शेल्टर होम के लिए 1.5 करोड़ रुपए की राशि अपनी ओर से दान में दी थी। वे ट्रांसजेंडरों पर बन रही फिल्म 'लक्ष्मी बॉम्ब' में काम भी कर रहे हैं। जिसके डायरेक्टर राघव लॉरेंस हैं। राघव ने ही इस बारे में ट्वीट करते हुए बताया था।

फैनी तूफान पीड़ितों के लिए दिए थे 1 करोड़

मई 2019 में आए फैनी तूफान ने देश के विभिन्न तटीय इलाकों में जमकर तबाही मचाई थी। सबसे ज्यादा नुकसान ओडिशा को झेलना पड़ा था, उस वक्त भी अक्षय कुमार ने सीएम राहत कोष में 1 करोड़ रुपए दान दिए थे।

चेन्नई बाढ़ के लिए की थी 1 करोड़ की मदद

दिसंबर 2015 में चेन्नई शहर में आई भीषण बाढ़ ने भी जमकर तबाही मचाई थी। उस वक्त भी अक्षय ने चेन्नई बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भूमिका ट्रस्ट को 1 करोड़ रुपए दान दिए थे। 

पुलवामा शहीद की पत्नी को दिए थे 15 लाख

अक्षय ने पुलवामा हमले के शहीदों को 5 करोड़ देने के अलावा इसी हमले में शहीद हुए जीत राम गुर्जर की पत्नी सुदंरी देवी को 15 लाख रुपए की आर्थिक मदद भी की थी। जीत राम उनके परिवार में कमाने वाले इकलौते सदस्य थे। ये राशि अक्षय ने भारत के वीर ट्रस्ट के जरिए दी थी।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER