बिजनेस / लगातार तीसरी बार दुनिया के सबसे अमीर शख्स बने बेजोस, जानें किस स्थान पर हैं मुकेश अंबानी

AMAR UJALA : Apr 09, 2020, 03:27 PM
बिजनेस डेस्क | दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेफ बेजोस ने दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति के रूप में अपने आप को शीर्ष पर बनाया हुआ है। फोर्ब्स ने दुनिया के अमीर लोगों की 34वीं सालाना सूची जारी की। इसके अनुसार, जेफ बेजोस की कुल संपत्ति 113 अरब डॉलर है। लगातार तीन बार से वे दुनिया के सबसे अमीर शख्स बने हुए हैं। 

17वें स्थान पर मुकेश अंबानी

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की बात करें, तो वे इस सूची में 17वें स्थान पर हैं और भारत के सबसे अमीर शख्स हैं। उनकी कुल संपत्ति 44.3 अरब डॉलर है। उनकी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी है।

  • माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स 98 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं। 
  • एलवीएमएच (LVMH) के सीईओ बर्नार्ड अर्नाल्ट दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उनकी संपत्ति 76 अरब डॉलर है। 
  • चौथे स्थान पर बर्कशायर हैथवे के वॉरेन बफे हैं। उनकी संपत्ति 67.5 अरब डॉलर है। 
  • वहीं ओरेकल के संस्थापक और सीटीओ लैरी एलिसन 59 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
22वें स्थान पर मैकेंजी बेजोस

इस सूची में जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी मैकेंजी बेजोस का नाम भी शामिल है। 36 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ वे इस सूची में 22वें स्थान पर हैं। फोर्ब्स के अनुसार, 'इस सूची में जेफ बेजोस की पत्नी एमके बेजोस ने एक महत्वपूर्ण स्थान बनाया है। 

अमीरों की कुल संपत्ति आठ खरब डॉलर

मालूम हो कि फोर्ब्स की सूची में शामिल इस साल के अमीरों की कुल संपत्ति आठ खरब डॉलर है। पिछले साल से मुकाबले यह कम है। फोर्ब्स की पिछली दुनिया के सबसे अमीरों कि सूची में सभी लोगों की कुल संपत्ति 8.7 खरब डॉलर थी। 

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की संपत्ति में एक महीने से भी कम समय में एक अरब डॉलर की गिरावट आई है।  

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER