Bihar Elections / ओपिनियन पोल में जनता की पहली पसंद अभी भी नीतीश कुमार, दुबारा बन सकती है सरकार

Zoom News : Oct 20, 2020, 09:30 PM
Bihar Elections: बिहार में 'कौन बनेगा मुख्यमंत्री' इसका फैसला तो 10 नवंबर को होगा लेकिन ओपिनियन पोल की मानें तो राज्य की जनता की पहली पसंद अभी भी नीतीश कुमार ही हैं। वहीं सूबे की जनता ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को दूसरी पसंद बताया है। सीएसडीएस-लोकनीति (CSDS-Lokniti Opinion Poll) के साथ मिलकर आजतक न्यूज चैनल ने सर्वे किया है। इस ओपिनयन पोल में एक बार फिर से बिहार में नीतीश कुमार का जलवा बरकरार दिखाई दे रहा है। इस ओपिनियन पोल में 31 फीसदी लोगों ने बतौर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पसंद किया है। 

ओपिनयन पोल के परिणामों के अनुसार उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को बतौर मुख्यमंत्री 5%, चिराग पासवान को 4% और लालू प्रसाद यादव पर 3% लोगों ने सहमति जताई है। इस ओपिनियन पोल में 37 विधानसभा सीटों के 148 बूथों को कवर किया गया, जिनमें से 3731 लोगों से बात की गई। ये ओपिनियन पोल 10 से 17 अक्टूबर के बीच किया गया।

बता दें कि इस बार बिहार एनडीए में नीतीश कुमार की जेडीयू, जीतन राम मांझी की हम और मुकेश सहनी की वीआईपी पार्टियां शामिल हैं। वहीं महागठबंधन में तेजस्वी यादव की राजद, कांग्रेस और भाकपा माले, सीपीआई और सीपीएम शामिल हैं। वहीं ग्रैंड डेमोक्रेटिक सेक्युलर फ्रंट (जीडीएसएफ) में उपेंद्र कुशवाहा की रालोसपा, मायावती की बसपा, असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम, समाजवादी जनता दल, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, जनतांत्रिक पार्टी सोशलिस्ट का गठबंधन है।

क्या कहता है अन्य ओपिनियन पोल?

इससे पहले, बिहार विधानसभा चुनाव के लिए टाइम्स नाउ और सी वोटर ने ओपिनियन पोल किया था। इस ओपिनियन पोल में भी एनडीए की सरकार बनने का अनुमान जताया गया था। सर्वे के मुताबिक, बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों में 160 सीट पर एनडीए को जीत मिल सकती हैं।  जबकि राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेतृत्व वाले महागठबंधन को 76 सीटें मिल सकती हैं। अन्य को 7 सीटें, जिसमें पांच एलजेपी को मिल सकती हैं। अगर पार्टी वाइज सीटों की बात करें तो एनडीए के 160 सीटों में बीजेपी के खाते में 85, जेडीयू को 70 और हम और वीआईपी को 5 सीटें मिल सकती हैं। वहीं महागठबंधन में आरजेडी को 56 सीटें, कांग्रेस को 15 और लेफ्ट को 5 सीटें मिल सकती हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER