उत्तर प्रदेश / यूपी के आगरा में वाहन को टक्कर मार पेड़ से टकराकर पलटी कार, 3 लोगों की मौत व 5 घायल

Zoom News : Mar 28, 2021, 03:21 PM
आगरा: आगरा-दिल्ली हाईवे पर रुनकता स्थित आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज के निकट शनिवार को एक बेकाबू स्विफ्ट कार ने पहले एक टवेरा को टक्कर मारी। दो राहगीरों को चपेट में लिया और पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। पांच लोग जख्मी हो गए। हादसा देख हाईवे पर चल रहे लोग दहशत में आ गए। पुलिस ने पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

इंस्पेक्टर सिकंदरा कमलेश सिंह ने बताया कि हादसे में स्विफ्ट कार सवार अक्षय (20) निवासी आर्मापुर (कानुपर), राहगीर अशोक कुमार (63) निवासी देवीगंज (कौशांबी) और अमन (28) निवासी फतेहपुर की मौत हो गई। घाटमपुर उमरी, कानपुर निवासी शानू, आर्मापुर निवासी रवि, अनिल सिंह, उनके भतीजे गगन और अक्षय दर्शन करने वृंदावन आ रहे है। इंद्रानगर कानपुर निवासी संदीप पाल टवेरा से थे। वह भी मथुरा जा रहे थे। कौशांबी से आई एक बस में 55 सवारियां थीं। हादसे में मारे गए अशोक कुमार और अमन इस बस में सवार थे। वे मथुरा स्थित जयगुरु देव आश्रम जा रहे थे। बस और टवेरा फौजी ढाबे पर रुकी थी। सभी चाय पीने ढाबे पर चले गए थे।

संदीप पाल, अमन और अशोक कुमार सड़क किनारे खड़े हुए थे। इसी दौरान 100 से ज्यादा की रफ्तार पर कानपुर की ओर से आ रही स्विफ्ट ने टवेरा में टक्कर मारी। सड़क किनारे राहगीरों को चपेट में लिया। पेड़ से टकराई और पलट गई। हादसे से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। लोग भागकर बाहर आए। कार में सवार लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर सिकंदरा पुलिस पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाया। तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। हादसे में घायल शानू, रवि, गगन, अनिल सिंह और संदीप पाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज चल रहा है।

बच गई कई लोगों की जान

इंस्पेक्टर सिकंदरा कमलेश सिंह ने बताया कि हादसा और भयंकर हो सकता था। जिस दौरान बस से सवारियां उतर रही थीं उस दौरान कार टक्कर मारने के बाद पलटी होती तो कई और लोग चपेट में आ जाते। हादसे में दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं। दोनों गाड़ियों को चौकी पर खड़ा कराया गया है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER