देश / मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा हरियाणा में नहीं लगेगा लॉकडाउन, राज्य से पलायन ना करें प्रवासी मजदूर

Zoom News : Apr 21, 2021, 07:18 AM
चंडीगढ़। हरियाणा में लॉकडाउन की अफवाहों पर विराम लगाते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राज्य में लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा। हालांकि, कोरोना से बचाव के लिए सभी तरह के नियमों का सख्ती से पालन अवश्य अमल में लाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने श्रमिकों से आग्रह किया कि वे निश्चिंत होकर अपने कार्य में लगे रहें। किसी प्रकार से घबराने की जरूरत नहीं है। उन्हें किसी प्रकार की कोई कठिनाई नहीं होने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि पिछले साल लॉकडाउन लगने के कारण अर्थव्यवस्था का चक्र रूकने से कईं श्रमिकों को समस्या का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार मजदूरों और कामगारों विशेषकर दैनिक और मासिक वेतन पर काम करने वालों के हितों को ध्यान में रखते हुए, हरियाणा में कोई लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ‘हरियाणा की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश की जनता को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों को आश्वासन दिया कि हरियाणा वर्तमान कोविड-19 मामलों में हो रही वृद्धि के कारण उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 मरीजों के लिए पर्याप्त चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा सरकार ने हाल ही में पानीपत में 500 से 1000 बेड वाले कोविड अस्पताल की स्थापना के लिए डीआरडीओ के अधिकारियों के साथ बातचीत की है। इस अस्पताल का उपयोग आपातकालीन स्थिति में किया जाएगा।

राज्य स्तरीय कोविड मॉनिटरिंग कमेटी का गठन

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय प्रदेश एक बार फिर कठिन दौर से गुजर रहा है। कोरोना मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है, जो चिंताजनक है। पिछले डेढ़ महीने में एक दिन में कोरोना के नए मामलों की संख्या लगभग 7000 तक पहुंच गई है। इससे निपटने के लिए स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कोविड मॉनिटरिंग कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी राज्य में कोविड की स्थिति की निरंतर निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में ऑक्सीजन, आईसीयू बेड, वेंटिलेटर, मास्क और पीपीई किट आदि की पर्याप्त मात्रा है।

मनोहर लाल ने कहा कि अस्पतालों में अभी आक्सीजन की कोई कमी नहीं है। पानीपत के ऑक्सीजन प्लांट में लिक्विड ऑक्सीजन का उत्पादन हो रहा है। इसके साथ ही, ऑक्सीजन गैस की उपलब्धता को भी सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किया जा रहा है। मनोहर लाल ने कहा कि जिन मरीजों को कोरोना संक्रमण से अधिक परेशानी नहीं है अर्थात लक्षण बहुत कम हैं, उन्हें होम आइसोलेशन में रखा जा रहा है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER