पणजी / गोवा - मुख्यमंत्री सावंत ने फ्लोर टेस्ट जीता, 20 विधायकों ने पक्ष में की वोटिंग

Dainik Bhaskar : Mar 20, 2019, 01:39 PM
पणजी. गोवा के नए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत (45) बुधवार को विधानसभा में बहुमत साबित कर दिया। 20 विधायकों ने उनके पक्ष में वोटिंग की। विपक्ष में 15 वोट पड़े। सोमवार देर रात 1.50 बजे  सावंत ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी), गोवा फॉरवर्ड पार्टी के 3-3 विधायकों और 3 निर्दलियों ने भाजपा को समर्थन दिया। भाजपा के 11 विधायक हैं। 

इन विधायकों ने ली थी मंत्री पद की शपथ

भाजपा: मॉविन गोडिन्हो, विश्वजीत राणे, मिलिंद नाइक और निलेश कबराल

एमजीपी: सुदिन ढवलीकर, मनोहर अजगांवकर

जीएफपी: विजय सरदेसाई, विनोद पालेकर और जयेश सलगांवकर

निर्दलीय: रोहन कौंटे और गोविंद गावडे

पर्रिकर के करीबी रहे सावंत

सावंत उत्तरी गोवा स्थित संखालिम विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह पेशे से एक आयुर्वेद चिकित्सक हैं। सावंत की गिनती पर्रिकर के करीबियों में होती थी। प्रमोद सावंत करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं। उनके पास 3.66 करोड़ रुपए की संपत्ति है। हालांकि, सादगी के मामले में सावंत पार्रिकर से अलग हैं। पर्रिकर के पास एक इनोवा कार थी और स्कूटर था। वहीं सावंत के पास 5 कारें हैं।

विधानसभा की स्थिति

40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में इस वक्त 36 विधायक हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर का 17 मार्च को और एक अन्य भाजपा विधायक फ्रांसिस डिसूजा का पिछले महीने निधन हो गया था। कांग्रेस के 2 विधायकों सुभाष शिरोडकर और दयानंद सोप्टे ने पिछले साल इस्तीफा दे दिया था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER