चुरू / फर्जी टीसी मामले में जिला प्रमुख हरलाल सहारण की गिरफ्तारी के विरोध में दूसरे दिन मंगलवार को चूरू बंद

Dainik Bhaskar : May 22, 2019, 09:13 AM
 चूरू। फर्जी टीसी मामले में जिला प्रमुख हरलाल सहारण की गिरफ्तारी के विरोध में दूसरे दिन मंगलवार को चूरू बंद रहा। गढ़ के आगे स्वामी गोपालदास चौक के आगे भाजपा व आमजन ने धरना देकर पुलिस व राज्य सरकार की कार्यशैली पर आक्रोश जताया। सुबह 10 बजे से लेकर शाम पांच बजे तक लगातार धरना व सभा जारी रही। धरने पर जिले के भाजपा नेताओं सहित चूरू व रतनगढ़ विधायक ने इस मामले में आर-पार की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। इधर, शहरभर के मुख्य बाजार सहित रेलवे स्टेशन, नई सड़क तक के बाजार बंद रहे। 

धरने को संबोधित करते हुए उपनेता प्रतिपक्ष विधायक राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि जिला प्रमुख की गिरफ्तारी राजनैतिक विद्वेषता का घोतक है। पुलिस और सरकार ने पूरे सिस्टम को मजाक समझ लिया है। जिले में क्राइम का ग्राफ इतना बढ़ गया है, रोज लूट, हत्या, बलात्कार की घटनाएं हो रही है। लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस इन सब पर तो कंट्रोल नहीं करती, जबकि एक जनप्रतिनिधि के पीछे जयपुर की की पुलिस लगाकर गिरफ्तार करने में जुटी। जिला प्रमुख सहारण की गिरफ्तारी पर अति गंभीर होकर काम किया, जबकि उच्च न्यायालय में इनका प्रकरण विचाराधीन है। राठौड़ ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि को बिना किसी पूर्व नोटिस के गिरफ्तार करना सरकार की कुचेष्टा को इंगित करता है। रतनगढ़ विधायक अभिनेष महर्षि ने कहा कि ये जिला प्रमुख हरलाल सहारण की गिरफ्तारी नहीं, पूरी भाजपा टीम की है। जिले में अपराध पर पुलिस की लगाम नहीं है। रतनगढ़ में भी चोरी व अन्य घटनाओं पर पुलिस का अंकुश नहीं है। इस संघर्ष मैं भाजपा के हर व्यक्ति को आगे आना होगा। भाजपा प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने कहा कि प्रदेशभर में पुलिस गुंडागर्दी से मनमर्जी की धाराएं लगाई जा रही है। जिला प्रमुख की गिरफ्तारी को चूरू ही नहीं बल्कि प्रदेश स्तर तक लड़ा जाएगा। अंत में उपनेता प्रतिपक्ष राठौड़ ने सफल बाजार बंद के लिए व्यापारियों को सहयोग के लिए साधुवाद दिया व धरना प्रारंभ करने से पूर्व स्वामी गोपालदासजी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। संचालन युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिषेक चोटिया ने किया। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER