राजस्थान / सीएम गहलोत ने विधायकों से ली उनके क्षेत्र के हालातों के बारे में जानकारी, फोन पर की बात

First India News : Apr 04, 2020, 10:23 AM
जयपुर | कोरोना संकट के मद्देनजर प्रदेश की जनता के लिए कई अहम घोषणा करने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अब विधायकों के माध्यम से घोषणाओं की क्रियान्विति रिपोर्ट लेना शुरू कर दिया है। सीएम गहलोत ने शुक्रवार को एक के बाद एक करीब 1 दर्जन से अधिक विधायकों फोन करके व्यक्तिगत रूप से बात की और उनके क्षेत्र के हालातों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सिरोही के निर्दलीय विधायक संयम लोढा, महुआ से विधायक ओम प्रकाश हुडला, नोहर के अमित चाचान, बसपा से कांग्रेस में आए जोगिंदर अवाना, आदर्श नगर विधायक रफीक खान सहित कई विधायकों से फोन पर बात की।

लॉक डाउन की कड़ाई से पालना कराये:

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सभी विधायकों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लॉक डाउन की कड़ाई से पालना कराये और साथ ही यह भी अपील की है कि सरकार द्वारा गरीबों मजदूरों व असहाय के लिए की गई घोषणाओं की व्यक्तिगत रुचि लेकर क्रियान्वित कराये। गहलोत ने कहा कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं सोना चाहिए। वही विधायकों ने अपने स्तर पर अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। अधिकांश विधायकों ने अपने अपने क्षेत्र में गरीबों व मजदूरों के लिए खुद के स्तर पर और भामाशाह की मदद से भोजन व राशन की व्यवस्था कराई है।मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इन विधायकों को उनके लिए किए गए कार्यो के लिए साधुवाद दिया।

राशन की होम डिलीवरी की व्यवस्था कराएं:

वहीं शुक्रवार देर शाम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने आवास पर अहम मीटिंग लेते हुए कोरोना संक्रमण के कारण प्रदेश में उपजे हालातों पर चर्चा की। इस बैठक में चिकित्सा मंत्री डॉ रघु शर्मा, एसीएस मेडिकल रोहित सिंह , एसीएस होम राजीव स्वरूप व मुख्य सचिव डीबी गुप्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कोर ग्रुप के अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि लॉक डाउन की पालना सख्ती से कराई जाए और कहीं भी लोगों को एकत्रित न होने दिया जाए। सीएम गहलोत ने यह भी कहा कि प्रदेश में भोजन व राशन की कोई कमी नहीं होना चाहिए और कोई भी व्यक्ति भूखा नही सोना चाहिए। सीएम ने अधिकारियों को कहा कि वे राशन की होम डिलीवरी की व्यवस्था कराएं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER