देश / भारी बारिश में जनसभा को संबोधित करते दिखे राहुल गांधी, देखें VIDEO

Zoom News : Oct 02, 2022, 09:51 PM
New Delhi : कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' (BharatJodoYatra) पर निकले राहुल गांधी हर रोज सभा को संबोधित करते हैं। यात्रा अब बीजेपी शासित राज्य कर्नाटक पहुंच चुकी है। रविवार को कर्नाटक में यात्रा का तीसरा दिन रहा। कर्नाटक में यात्रा के तीसरे दिन मैसूर में राहुल गांधी का कुछ अलग अंदाज देखने को मिला है। राहुल गांधी भारी बारिश में सभा को संबोधित करते दिखे। तेज बारिश में सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी का एक वीडियो भी सामने आया है। राहुल गांधी के इस वीडियो ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के मुखिया शरद पवार की यादें ताज कर दी। 

साल 2019 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान एनसीपी चीफ शरद पवार सतारा में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। बीच में बारिश आ गई। 79 साल के शरद पवार बारिश होने के बाद भी पीछे नहीं हटे और मंच पर खड़े होकर सभा को संबोधित करते हैं। यहां तक कि उन्होंने छाता लेने से भी मना कर दिया था। पवार ने यह कहते हुए छाता लगाने से मना कर दिया था, 'वरुण राजा ( हिंदू पौराणिक कथाओं में जल के देव) ने राकांपा को आशीर्वाद दिया है। उनके आशीर्वाद से सतारा जिला अब अगामी चुनावों में जादू करेगा।'

ठीक वैसा ही राहुल गांधी के साथ भी हुआ है और उन्होंने भी कुछ ऐसा कहा है। राहुल ने कहा, भारत को एकजुट करने से, हमें कोई नहीं रोक सकता। भारत की आवाज़ उठाने से, हमें कोई नहीं रोक सकता। कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी, भारत जोड़ो यात्रा को कोई नहीं रोक सकता।

राहुल गांधी का वीडियो सामने आते ही कांग्रेस पार्टी के नेता तारीफों के पुल बांधने लगे हैं। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने राहुल गांधी के पानी में भिगते हुए जनसभा को संबोधित करने वाला वीडियो शेयर करते हुए लिखा है, गांधी जयंती की शाम मैसूर में मूसलाधार बारिश के बावजूद राहुल गांधी लोगों को संबोधित कर रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा को नफरत के खिलाफ भारत को एकजुट करने, बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ बोलने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।

वहीं कांग्रेस पार्टी के ट्विटर हैंडल से भी राहुल के इस वीडियो को शेयर किया गया है। जिसमें लिखा गया है कोई बहाना नहीं। केवल जुनून। भारत जोड़ो यात्रा को अपने लक्ष्य को प्राप्त करने से कोई बाधा नहीं रोक सकती है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER