विशेष / अदिति सिंह के बाद अब सपा नेता से शादी रचा रही हैं कांग्रेस की प्रवक्ता, 1 दिसंबर को लेंगी सात फेरे

AajTak : Nov 28, 2019, 07:03 AM
नई दिल्ली | कांग्रेस विधायक अदिति सिंह के बाद अब समाजवादी पार्टी की पूर्व प्रवक्ता और कांग्रेस की मीडिया पैनलिस्ट पंखुड़ी पाठक जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। पंखुड़ी नोएडा के निवासी अनिल यादव से शादी रचाएंगी। अनिल समाजवादी पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे हैं और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव के करीबी भी माने जाते हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों 1 दिसंबर को दिल्ली के वसुंधरा वाटिका में शादी के बंधन में बंधेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पंखुड़ी पाठक लव मैरिज कर रही हैं और दोनों के घर वालों ने इस शादी के लिए अनुमति दे दी है। सोशल मीडिया पर तमाम राजनेता और प्रवक्ता पंखुड़ी को शादी की बधाई दे रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शादी में सपा और कांग्रेस पार्टी के कई नेता शामिल हो सकते हैं। बता दें कि कांग्रेस पार्टी की मीडिया पैनलिस्ट पंखुड़ी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से लॉ की पढ़ाई की है।

पिछले साल यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान सपा ने उन्हें पार्टी का प्रवक्ता बनाया था। पंखुड़ी समाजवादी पार्टी से छात्र संघ का चुनाव भी लड़ चुकी हैं हालांकि उनके परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं रही है। अगस्त 2018 में सपा ने पैनलिस्ट की नई लिस्ट जारी की थी जिसमें पंखुड़ी का नाम शामिल नहीं था। जिसके बाद उन्होंने पार्टी से नाता तोड़ लिया। पंखुड़ी ने पार्टी के कुछ नेताओं पर धर्म और लिंग के आधार पर भेदभाव का आरोप लगाया था।

कुछ ही दिनों पहले कांग्रेस नेता अदिति सिंह भी शादी के बंधन में बंधी थीं। उत्तर प्रदेश के रायबरेली से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह ने 21 नवंबर को पंजाब कांग्रेस के नेता अंगद सिंह सैनी से शादी रचाई थी।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER