देश / गरीबों और प्रवासियों के लिए खजाने का ताला खोले मोदी सरकार : सोनिया गांधी

AMAR UJALA : May 28, 2020, 02:20 PM
नई दिल्ली | कांग्रेस ने गुरुवार को अपने ऑनलाइन अभियान की शुरुआत की। जिसे स्पीकअप कार्यक्रम का नाम दिया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने की। उन्होंने मोदी सरकार को सुझाव देते हुए प्रवासी मजदूरों के लिए खजाना खोलने को कहा। इसके बाद राहुल गांधी ने कहा कि आज देश के लोगों को कर्ज की नहीं बल्कि पैसे की जरूरत है। वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज भारत माता रो रही है, वो मौन हैं।

पैदल चलकर घर जाने को मजबूर हैं प्रवासी: सोनिया

सोनिया गांधी ने कहा कि देश की आजादी के बाद पहली बार दर्द का ऐसा मंजर देखने को मिला। मजदूर नंगे पांव हजारों किलोमीटर पैदल चलकर अपने घर जाने को मजबूर हुए। सरकार को छोड़कर सभी ने मजदूरों की सिसकियां सुनीं। सोनिया ने केंद्र सरकार से खजाने का ताला खोलने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को राहत दीजिए। हर गरीब परिवार को प्रतिमाह 7500 रुपये दीजिए। इसके अलावा उन्होंने प्रवासी मजदूरों को सुरक्षित घर पहुंचाने का अनुरोध किया।

कांग्रेस का कहना है कि उसने गरीबों, मजदूरों और छोटे कारोबारियों की मदद के लिए सरकार पर दबाव बनाने के मकसद से यह अभियान चलाया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने यह मांग भी की कि सरकार मजदूरों की सुरक्षित और मुफ्त यात्रा का इंतजाम कर उन्हें घर पहुंचाए, उनके लिए रोजी-रोटी का इंतजाम भी करे, राशन का इंतजाम भी करें, मनरेगा में 200 दिन का काम सुनिश्चित करे और छोटे और लघु उद्योगों को कर्ज देने की बजाय आर्थिक मदद दे, ताकि करोड़ों नौकरियां भी बचें और देश की तरक्की भी हो।

हिंदुस्तान को कर्ज नहीं पैसे की जरूरत: राहुल गांधी

अपने संबोधन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कोरोना के कारण देश में आज एक तूफान आया है, गरीब जनता को चोट लगी है. मजदूरों को भूखे-प्यासे सड़कों पर चलना पड़ रहा है। छोटे कारोबार रीढ़ की हड्डी हैं, जो बंद हो रहे हैं। ऐसे में आज हिंदुस्तान के लोगों को कर्ज की नहीं बल्कि पैसे की जरूरत है।

राहुल ने कहा, 'हमारी सरकार से चार मांगे हैं। पहली मांग यह है कि हर गरीब परिवार के खाते में छह महीनों के लिए 7500 रुपये प्रति माह डाला जाए। मनरेगा को 200 दिन के लिए चलाया जाए। एमएसएमई के लिए तत्काल एक पैकेज दिया जाए। मजदूरों को वापस भेजने के लिए तत्काल सुविधा उपलब्ध कराई जाए।'

आज भारत माता रो रही है: प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका ने कहा कि आज भारत माता रो रही है और प्रधानमंत्री मोदी मौन हैं। उन्होंने कहा कि आज गरीब मजदूर मुश्किल में है और सरकार उसकी मदद नहीं कर रही है। प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, 'हम सबका कर्तव्य है कि हम साथ मिलकर जरूरतमंदों की मदद के लिए आवाज उठाएं। मैं आवाज उठा रही हूं, आप भी उठाएं।'

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER