नई दिल्ली / कांग्रेस की 'भारत बचाओ रैली' आज, उत्तर प्रदेश से 40 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता होंगे शामिल

AajTak : Dec 14, 2019, 06:57 AM
नई दिल्ली | कांग्रेस पार्टी आर्थिक मंदी, किसान विरोधी नीतियों, महिला हिंसा, बेरोजगारी और संविधान पर हमले को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ आज दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली करने जा रही है।

इस रैली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत कांग्रेस शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। इस रैली में हिस्सा लेने के लिए देश के कोने-कोने से लाखों कांग्रेस कार्यकर्ता रामलीला मैदान पहुंच रहे हैं। दिल्ली के रामलीला मैदान में इस रैली को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इस रैली में कांग्रेस नागरिक संशोधन कानून का मुद्दा भी उठाएगी और मोदी सरकार को घेरने की कोशिश करेगी। कांग्रेस ने संसद के दोनों सदनों में इस कानून का विरोध किया था और कहा था कि इस कानून जरिए धर्म के आधार पर देश को बांटने की कोशिश की गई है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस कानून के संसद से पास होने के दिन को इतिहास का काला दिन बताया था।

अहम मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगी मोदी सरकारः कांग्रेस

कांग्रेस पार्टी ने भारत बचाओ रैली में शामिल होने के लिए देशभर से लोगों को रामलीला मैदान पहुंचने को कहा है। कांग्रेस का दावा है कि यह रैली ऐतिहासिक होगी। मोदी सरकार असली मुद्दों से देश की जनता का ध्यान भटकाने में लगी है, लेकिन वो इन तमाम मुद्दों को लेकर देश में जनता के बीच जाएगी।

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला के मुताबिक देश में मंदी की मार है। बेरोजगारी चरम सीमा पर है। महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और किसानों की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है, लेकिन मोदी सरकार इस दिशा में कोई कदम नहीं उठा रही है। सरकार पूरी तरीके से विफल हो गई है। सुरजेवाला ने कहा कि जनता केंद्र सरकार की नीतियों से परेशान है और अर्थव्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। जीडीपी गिरती जा रही है और देश बदलाव के मूड में है।

सुरजेवाला ने कहा कि भारत बचाओ रैली से कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार को चेताना चाहती है कि वह असली मुद्दों से जनता का ध्यान ना भटकाए और इस दिशा में ठोस कदम उठाए। इसमें दूसरे दलों के नेताओं के भी शामिल होने की उम्मीद की जा रही है। इससे पहले कांग्रेस पार्टी की यह रैली 30 नवंबर को होने वाली थी, लेकिन संसद के शीतकालीन सत्र के मद्देनजर इस रैली को टाल दिया गया था।

यूपी से 40 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंच रहे दिल्ली

कांग्रेस की भारत बचाओ रैली में उत्तर प्रदेश से 40 हजार से अधिक कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। इस रैली में उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक भागीदारी होने जा रही है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस द्वारा हर विधानसभा से लगभग औसतन 200 लोगों को रैली में ले जाने की रणनीति बनाई गई थी। उत्तर प्रदेश के कोने कोने से ट्रेनों, बसों और गाड़ियों के काफिले से कार्यकर्ताओं का हुजूम दिल्ली में दाखिल हो रहा है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में इस रैली को लेकर हर पदाधिकारी की जिम्मेदारी तय थी। रैली को सफल बनाने के लिए मंडल प्रभारी बनाए गए थे। पार्टी के पुराने नेता भी अपने समर्थकों के साथ दिल्ली पहुंच रहे हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER