CoronaVirus / अगस्त महीने में कोरोना ने तोड़े रेकॉर्ड, दुनिया में सबसे ज्यादा केस भारत में

NavBharat Times : Aug 08, 2020, 08:13 AM
नई दिल्ली: लगातार बढ़ रहा कोरोना चिंता का कारण बन रहा है अगस्त महीने में भारत दुनिया भऱ में सबसे बड़ा कोरोना का हॉटस्पॉट बनकर उभर रहा है। इस महीने भारत में सबसे ज्यादा कोरोना के नए मामले सामने आ चुके हैं। यह संख्या अमेरिका और ब्राजील से भी ज्यादा है। अगस्त के पहले 6 दिन में ही कोरोना से मौत (Corona Death) के मामले में भी भारत दुनिया में तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। शुक्रवार को भी कोरोना के 60 हजार से ज्यादा केस रिपोर्ट हुए और 926 लोगों की मौत हो गई जो कि अब तक का रेकॉर्ड है।

अगस्त महीने के पहले 6 दिनों में ही भारत में 3,28,903 फ्रेश केस रिपोर्ट हुए। वहीं अगर अमेरिका की बात करें तो यह संख्या 3,26,111 है और ब्राजील में 2,51,264 नए केस ही आए हैं। इन 6 दिनों में चार दिन ऐसे रहे हैं जब भारत में सबसे ज्यादा कोरोना के केस पाए गए। 2,3,5 और 6 अगस्त को दुनिया में सबसे ज्यादा नए मामले भारत में ही रिपोर्ट हुए। गुरुवार को ही भारत में कुल संक्रमण (Corona Infection) का आंकड़ा 20 लाख को पार कर गया है।


महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश दे रहे टेंशन

कोरोना से मौत की बात करें तो अमेरिका और ब्राजील में 6000 से ज्यादा मौतें हुई हैं वहीं इस महीने में भारत में अब तक 5,075 लोगों की जान गई। शुक्रवार को महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में 10 हजार से ज्यादा नए केस रिपोर्ट हुए। वहीं बिहार, तेलंगाना, ओडिशा, पंजाब और मणिपुर में अब तक के सबसे ज्यादा केस दर्ज हुए।


मुंबई में ठीक हो रही स्थिति?

शुक्रवार को महाराष्ट्र में 10 हजार से ज्यादा मामले सामने आए और 300 से ज्यादा की मौत हो गई। इसके साथ ही माहाराष्ट्र में संक्रमण का कुल आंकड़ा बढ़कर 4,90,262 हो गया। अगर इसी तरह रफ्तार बढ़ती है तो आज ही यह 5 लाख को पार कर जाएगा। इसके अलावा यहां 17 हजार से ज्यादा लोगों की अब तक जान भी जा चुकी है। वहीं मुंबई में शुक्रवार को 1000 से कम केस रिपोर्ट हुए। यहा्ं का ग्राफ दिखाता है कि अब मुंबई में स्थिति थोड़ी ठीक हुई है।


तीसरे नंबर पर पहुंचा आंध्र प्रदेश?

आंध्र प्रदेश में एक दिन में सबसे ज्यादा 89 मौतें हुईं और 10,171 नए केस रिपोर्ट हुए। 2 लाख का आंकड़ा पार करने वाला यह देश का तीसरा राज्य बन गया है। आंध्र में कुल संक्रमणआ का आंकड़ा 2,06,960 हो गया है जो कि केवल महाराष्ट्र और तमिलनाडु से कम है। ये दोनों राज्य बहुत पहले ही 2 लाख के मार्क को पार कर चुके हैं। आंध्र प्रदेश में अब तक 1800 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। आंध्र प्रदेश ने संक्रमण के मामले में 27 जुलाई को ही 1 लाख का आंकड़ा पार किया था। 12 मार्च को राज्य में कोरोना का पहला मामला आया था और लगभग 135 दिन के बाद यह दो लाख का आंकड़ा पार कर गया। तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 119 डेथ रिपोर्ट हुईं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER