Coronavirus / भारत में कोरोना केस 6 लाख पार, सिर्फ 6 दिन में आए 1 लाख नए मरीज, 20 दिन में 3 लाख

AajTak : Jul 02, 2020, 08:44 AM
Delhi: देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 6 लाख को पार कर गया है। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, देश में कुल मरीजों की संख्या 6 लाख 5 हजार 220 है, जिसमें 17 हजार 848 लोगों की मौत हो चुकी है। हैरानी की बात है कि देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा है। पिछले 20 दिनों के अंदर ही 3 लाख से अधिक केस सामने आ चुके हैं।

12 जून को देश में कुल मरीजों की संख्या 3 लाख को पार कर गई थी और करीब 9 हजार लोगों की मौत हुई थी। महज 9 दिन बाद यानी 20 जून को मरीजों का आंकड़ा 4 लाख को पार कर गया है और करीब 13 हजार लोगों की मौत हो गई। 6 दिन बाद यानी 26 जून को मरीजों का आंकड़ा 5 लाख को पार कर गया और करीब 16 हजार लोगों की मौत हो गई है।

देश में महज 6 दिन में कोरोना के एक लाख और मामले सामने आए हैं और 2 जुलाई तक मरीजों का आंकड़ा 6 लाख को पार कर गया है और करीब 18 हजार लोगों की मौत हुई है। यानी देश में कुल कोरोना केस के आधे मामले बीते 20 दिनों में सामने आए हैं। हालांकि, इस दरमियान कोरोना से ठीक होने वालों मरीजों का आंकड़ा भी बढ़ा है।

12 जून तक 1 लाख 54 हजार मरीज कोरोना से जंग जीत गए थे। 20 जून को यह आंकड़ा बढ़कर 2 लाख 27 हजार हो गया। 26 जून को देश में कोरोना को हराने वालों का आंकड़ा 3 लाख के करीब पहुंच गया। अभी कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा 3 लाख 60 हजार के करीब पहुंच गया है।

कोरोना केस के मामले में भारत अभी चौथे नंबर पर है। भारत से अधिक केस अमेरिका, ब्राजील और रूस में है। हालांकि, जिस रफ्तार से भारत में केस बढ़ रहे हैं, उससे लगता है कि अगले दो से तीन दिनों में भारत, रूस को पीछे कर देगा। फिलहाल पूरी दुनिया में 1 करोड़ 8 लाख से अधिक कुल केस हैं, जिसमें 5 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER