COVID-19 Update / भारत में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 50 लाख के पार, 82 हजार से ज्यादा की मौत

AajTak : Sep 16, 2020, 06:24 AM
Delhi: देश में कोरोना के मामले अनियंत्रित रफ्तार से बढ़ रहे हैं। इस खतरनाक महामारी की चपेट में अब तक 50 लाख से ज्यादा लोग आ चुके हैं, जबकि 82 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 50,08,878 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 81,964 नए मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, कोरोना से अब तक 82,038 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल देश में कोरोना के 9,93,075 एक्टिव केस हैं, जबकि इस बीमारी से अब तक 39,31,356 लोग ठीक हो चुके हैं। मंगलवार को सबसे ज्यादा कोरोनो के मामले महाराष्ट्र (20,432) में दर्ज किए गए। 

राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र के बाद आंध्र प्रदेश (8846),  कर्नाटक (7576), उत्तर प्रदेश (6841), तमिलनाडु (5697) और दिल्ली में 4263 नए मामले सामने आए। बेंगलुरु, जून के आखिर तक भारत के अहम बड़े शहरों में कोरोना वायरस से सबसे कम प्रभावित था, अब यह देश में सबसे अधिक कोविड केसों वाला शहर बन गया है।

कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के बीच अच्छी खबर ये है कि देश में अब तक 39 लाख से ज्यादा लोग इलाज से ठीक हो चुके हैं। अब तक करीब 6 करोड़ कोरोना सैंपल टेस्ट लिए जा चुके हैं। पिछले हफ्ते 76 लाख सैंपल टेस्ट लिए गए थे। 


महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा एक्टिव केस

देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 5 हजार से लेकर 50 हजार के बीच है। केवल 4 राज्य ही ऐसे हैं जहां पर एक्टिव केस की संख्या 50 हजार से ज्यादा हैं। सबसे ज्यादा एक्टिव केस के मामले में महाराष्ट्र (2,91,747) नंबर एक पर है।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER