देश / COVID-19 टीकाकरण का चौथा दिन पूरा, 6.3 लाख से अधिक लोगों को लगा कोरोना का टीका

Zoom News : Jan 19, 2021, 11:10 PM
Covid-19 vaccination: देश में कोरोना टीकाकरण का आज चौथा दिन है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार शाम छह बजे तक छह लाख 31 हजार 417 लोगों को टीका लगाया गया। शाम छह बजे तक टीकाकरण के 3800 सत्र आयोजित किए गए। वहीं, सात महीने बाद पहली बार देश में सक्रिय मामलों की संख्या दो लाख से कम हो गई है। वहीं प्रतिदिन मौतों की संख्या अब 140 है। 

मंत्रालय ने बताया कि देश में सिर्फ दो राज्यों में 50,000 से ज्यादा सक्रिय मामले हैं। केरल में 68,000 और महाराष्ट्र में 51,000 से ज्यादा सक्रिय मामले हैं। इन सब के अलावा नए कोरोना से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या 141 हो गई है।

इसके साथ ही मंत्रालय ने बताया कि लक्षद्वीप में कोरोना का पहला मामला 18 जनवरी को सामने आया था। यह व्यक्ति चार जनवरी को कोच्चि से लक्षद्वीप गया था। प्रारंभ में, मामले के 31 प्राथमिक संपर्कों का पता लगाया गया और क्वारंटीन किया गया। इनमें से 14 पॉजिटिव मिले थे, जिन्हें आइसोलेट कर दिया गया था। पॉजिटिव आए लोगों के संपर्क में आए 56 लोगों का पता लगाया गया और क्वारंटीन किया गया था। 

मंत्रालय ने बताया कि एक केंद्रीय बहुविषयक दल को लक्षद्वीप भेजा गया था। इस दल में पुडुचेरी के जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्टग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च, पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी और स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय के विशेषज्ञ शामिल थे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER