Coronavirus / अब कोरोना से बचाएगा 'गले का हार', नासा ने बनाया अनोखा नेकलेस

AMAR UJALA : Jul 02, 2020, 02:03 PM
Coronavirus: दुनियाभर में कोरोना वायरस ने कोहराम मचा रखा है। इसके संक्रमण से लाखों लोगों की मौत हो चुकी है जबकि संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कई कंपनियों ने इसका वैक्सीन बनाने का दावा किया तो है, लेकिन अब तक वो पूरी तरह से सफल नहीं हो पाए हैं। इस बीच अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने भी एक अनोखा नेकलेस यानी गले का हार बनाया है, जिसके बारे में दावा किया जा रहा है कि वह कोरोना के संक्रमण से बचाएगा। इसे 'पल्स' नाम दिया गया है। आइए जानते हैं इसकी क्या खासियत है और यह कोरोना वायरस से कैसे बचाएगा?

आपको ये तो पता ही होगा कि डॉक्टर या विशेषज्ञ लोगों को लगातार ये सलाह दे रहे हैं कि बार-बार अपने हाथों को साबुन से धोएं, साथ ही अपने मुंह, नाक और आंखों को छूने से बचें, ताकि वायरस शरीर में न पहुंच सके। नासा ने इन्ही सब बातों को ध्यान में रखते हुए ये खास नेकलेस तैयार किया है। इसकी खासियत ये है कि अगर आप अपने हाथों को चेहरे के पास जैसे ही ले जाएंगे, ये वाइब्रेट करने लगता है और आपको संकेत दे देता है कि आप चेहरे को न छुएं। 

इस अनोखे नेकलेस को नासा की जेट प्रोपल्शन लैब ने तैयार किया है। इसे थ्री-डी प्रिंटर की मदद से बनाया गया है। दरअसल, इस नेकलेस में सिक्के के आकार की एक डिवाइस लगी है, जिसमें इंफ्रारेड सेंसर लगे हैं। यह सेंसर 12 इंच तक के दायरे में किसी भी चीज के आने पर वाइब्रेट करने लगता है। इसमें तीन वोल्ट की एक बैट्री भी लगी है। 

जेट प्रोपल्शन लैब का कहना है कि जब तक कोरोना की वैक्सीन नहीं आ जाती है, तब तक इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। चूंकि सभी लोगों को धीरे-धीरे अपने काम पर लौटना है, ऐसे में ये 'पल्स' उनके लिए मददगार साबित हो सकता है। जेट प्रोपल्शन लैब के मुताबिक, इसकी कीमत भी ज्यादा नहीं है। इसे आसानी से खरीदा जा सकता है। साथ ही इसे पहनने में भी किसी तरह की परेशानी नहीं आएगी।   

हालांकि ऐसा नहीं है कि अगर आपने नेकलेस पहन लिया तो आपको बाकी सावधानियां बरतने की जरूरत नहीं है। जेट प्रोपल्शन लैब का कहना है कि लोग इसे मास्क के विकल्प के तौर पर बिल्कुल भी इस्तेमाल न करें बल्कि इसे पहनने के साथ ही अन्य तरह की सावधानियां भी आपको बरतनी पड़ेंगी। इसे आसानी से लोग विकसित भी कर सकते हैं, ताकि यह सभी के लिए उपलब्ध हो सके। इससे जुड़ी हर जानकारी लैब ने जारी की है। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER