कोरोना देश में LIVE / एक दिन में रिकॉर्ड 29 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले, 18 हजार मरीज ठीक हुए और 500 लोगों की जान गई; देश में अब तक 8.79 लाख केस

Zoom News : Jul 13, 2020, 12:51 AM

नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 8 लाख 79 हजार 447 हो गई है। यह आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। रविवार को 24 घंटे के अंदर रिकॉर्ड 29 हजार 86 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। अब तक एक दिन में संक्रमितों के मिलने का यह आंकड़ा सबसे ज्यादा है। इसके पहले 11 जुलाई को सबसे ज्यादा 27 हजार 754 मरीजों की पुष्टि हुई थी। 

रविवार को सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 7,827 पॉजिटिव केस बढ़े। यहां अब संक्रमितों की संख्या 2 लाख 54 हजार 427 हो गई है। तमिलनाडु में 4,244, कर्नाटक में 2,627, देश की राजधानी दिल्ली में 1,573, पश्चिम बंगाल में 1,560, उत्तर प्रदेश में 1,384 और तेलंगाना में 1,269 संक्रमित मिले। 


18 हजार मरीज ठीक हुए, 500 की जान गई
रविवार को देश में 18 हजार 139 मरीज ठीक भी हुए। इस तरह से अब तक 5 लाख 54 हजार 370 मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 500 लोगों ने जान गंवा दी। मरने वालों का आंकड़ा अब 23 हजार 187 हो गया है। देश में अभी 3 लाख 1 हजार 508 मरीजों का इलाज चल रहा है। 


अनुपम खेर की मां, भाई समेत चार पॉजिटिव

अभिनेता अनुपम खेर के परिवार में मां दुलारी खेर, भाई राजू खेर,भाभी और भतीजी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह जानकारी उन्होंने ट्विटर पर दी। अनुपम की रिपोर्ट निगेटिव आई है।


  • यूपी के यूनिवर्सिटी में 4 अगस्त से ऑनलाइन क्लासेस : उत्तर प्रदेश सरकार ने स्टेट यूनिवर्सिटीज के सत्र 2020-21 का एकेडमिक कैलेंडर जारी कर दिया। इसके मुताबिक, अब ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की ऑनलाइन क्लासेस 4 अगस्त से शुरू हो जाएंगी।
  •  
  • यूपी में दाखिले की प्रक्रिया के लिए गाइडलाइन जारी : यूपी के राज्य विश्वविद्यालयों में 15 सितंबर तक ग्रेजुएशन और 31 अक्टूबर तक पोस्ट ग्रेजुएशन फर्स्ट ईयर में दाखिले की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। कैलेंडर के मुताबिक, 1 अक्टूबर तक अगर माहौल ठीक हुआ तो यूनिवर्सिटीज और कॉलेजों में ऑफलाइन क्लासेज भी शुरू कर दी जाएंगी। 13 जुलाई से सभी शिक्षकों को यूनिवर्सिटीज पहुंचकर छात्रों के लिए ई-कंटेंट तैयार करना होगा। 3 अगस्त तक प्रत्येक छात्र के परिजन से ऑनलाइन बातचीत भी करना होगी। 
  •  
  • यूपी में हर दिन 50 हजार लोगों की जांच होगी: उत्तर प्रदेश सरकार ने हर दिन 50 हजार लोगों की टेस्टिंग कराने का फैसला लिया है। इसके साथ ही हफ्ते में दो दिन यानी शनिवार और रविवार को पूरी तरह से लॉकडाउन लागू रहेगा। मतलब सारे बाजार, कार्यालय, संस्थान बंद रहेंगे। लोगों को घरों से निकलने की अनुमति नहीं होगी। केवल आवश्यक सप्लाई जारी रहेगी।

  • 14 से जम्मू कश्मीर में पर्यटन खुल जाएगा : जम्मू कश्मीर सरकार ने 14 जुलाई से फिर से पर्यटन शुरू करने का फैसला लिया है।पर्यटकों के लिए राज्य सरकार ने गाइडलान जारी की है। इसके मुताबिक, उन्हीं पर्यटकों को राज्य में घूमने के लिए अनुमति दी जाएगी जो फ्लाइट से वहां पहुंचेंगे। ट्रेन या बस से जाने वालों को अनुमति नहीं है। पर्यटकों को पहले से होटल, कैब की बुकिंग करके आना होगा। रिटर्न टिकट भी पर्यटक के पास होना अनिवार्य है। सभी पर्यटकों को अपने साथ आरटी पीसीआर टेस्टिंग की रिपोर्ट रखनी होगी। चेकिंग में उसे दिखाना होगा। 

  • कुछ होटल्स, लॉज को ही खुले रहने की अनुमति : जम्मू कश्मीर सरकार ने पर्यटन को फिर से शुरू करने के लिए गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक कुछ होटल्स और लॉज को ही पर्यटकों को ठहराने की अनुमति होगी। 

  • श्रीनगर के रेड जोन सील होंगे : जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच स्थानीय प्रशासन ने नई गाइडलाइन जारी कर दी है। इसके मुताबिक अब श्रीनगर के सभी रेड जोन इलाकों को पूरी तरह से सील कर दिया जाएगा। इन इलाकों में ज्यादा से ज्यादा लोगों की टेस्टिंग होगी और पूरे इलाके को सैनिटाइज किया जाएगा।

  • अमिताभ, अभिषेक, ऐश्वर्या और उनकी बेटी कोरोना पॉजिटिव : मुंबई में अभिनेता अमिताभ बच्चन, उनके बेटे अभिषेक बच्चन, बहू ऐश्वर्या राय बच्चन और पोती अराध्या की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। सभी को मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती किया गया है। 
  • अमिताभ के बंगले को सील किया गया : बृहन्मुंबई महानगर पालिका की टीम ने रविवार सुबह अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को सैनिटाइज किया। अमिताभ और अभिषेक बच्चन की शनिवार को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

  • ऑटो रिक्शा से कब्रिस्तान गया शव : तेलंगाना के निजामाबाद शहर में कोरोना संक्रमित का शव ऑटो रिक्शा से कब्रिस्तान ले जाया गया। परिवार का आरोप है कि उन्हें अस्पताल की तरफ से एंबुलेंस नहीं दी गई। निजामाबाद सरकारी अस्पताल के अफसर नागेश्वर राव ने बताया कि मृतक का रिश्तेदार अस्पताल में ही काम करता है। उनके कहने पर शव परिवार को सौंप दिया गया था।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER