कोरोना देश में LIVE / नगालैंड ने लॉकडाउन 31 जुलाई तक बढ़ाया, बेंगलुरु में भी 14 जुलाई रात आठ बजे से 22 जुलाई सुबह पांच बजे तक सब बंद; देश में 8.44 लाख केस

Zoom News : Jul 11, 2020, 10:09 PM

नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 8 लाख 44 हजार 777 हो गई है। यह आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। इस बीच, कर्नाटक के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि बेंगलुरु के शहरी और ग्रामीण इलाकों में 14 जुलाई रात 8 बजे से 22 जुलाई सुबह 5 बजे तक फुल लॉकडाउन रहेगा। हालांकि, जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी।

वहीं, नगालैंड में भी 31 जुलाई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है। पहले यह 16 जुलाई को खत्म होना था। मगर राज्य में बढ़ते संक्रमण के मामलों को देखते हुए इसे 15 दिन और बढ़ा दिया है। उधर, यूपी में लॉकडाउन पहले ही दिन फेल दिखा। लोग बाहर घूमते दिखे। पुलिस ने चालान बनाए।


महाराष्ट्र: पुणे और पिंपड़ी-चिंचवाड में 13 से 23 जुलाई तक लॉकडाउन प्रभावी रहेगा। औरंगाबाद में 10 से 18 जुलाई तक जनता कर्फ्यू लगाया गया है। कल्‍याण इलाके में 19 जुलाई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। पुलिस विभाग में पिछले 48 घंटे में 222 मामले सामने आए। वहीं, तीन की मौत हो गई। इसके साथ अब तक 5935 जवान पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें से 4715 स्वस्थ हो गए हैं। वहीं, 74 की मौत हो गई।



मध्यप्रदेश: भोपाल में 31 जुलाई तक हर रविवार को कर्फ्यू लगाने का फैसला किया गया है। यानी सभी बाजार, ऑफिस, प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहेंगे। इंदौर में भी रविवार को पूर्ण बंदी होगी। मंदसौर में शनिवार शाम 7 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन है। 

शिवपुरी में सात दिन का लॉकडाउन चल रहा है, जो रविवार तक प्रभावी रहेगा। भिंड में सोमवार तक लॉकडाउन है। मुरैना में पहले से ही टोटल लॉकडाउन है। यहां अब हर दिन 1000 सैंपल जांचे जाएंगे। ग्वालियर में सोमवार से शनिवार तक बाजार खुलेंगे। रविवार को टोटल लॉकडाउन रहेगा। छतरपुर और टीकमगढ़ में 3-3 दिन का लॉकडाउन शुरू हो गया है।




उत्तरप्रदेश: राज्य में तीन दिन के लॉकडाउन का ऐलान किया गया है। इस दौरान मथुरा के प्रमुख मंदिर श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे। ऐसा ही हाल दूसरे शहरों का रहेगा। सिर्फ जरूरी सामान की दुकानें खुली रहेंगी। उधर, सरकार ने  10 से 13 जुलाई तक घर-घर जाकर रैपिड एंटीजन टेस्ट करने के निर्देश दिए हैं।


राजस्थान: राज्य में शनिवार दोपहर तक 170 मामले सामने आए। अलवर में 40, जयपुर में 33, उदयपुर में 31, नागौर में 21, भरतपुर में 17, सवाई माधोपुर और राजसमंद में 7-7, झुंझुनू, बाड़मेर, प्रतापगढ़ और करौली में 3-3, कोटा और टोंक में 1-1 संक्रमित मिले। वहीं, अजमेर और जयपुर में 1-1 व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।


बिहार: राज्य सरकार ने पटना एम्स को कोरोना डेडिकेटेड हॉस्पिटल घोषित कर दिया है। यहां 500 से ज्यादा बेड हैं। इसके साथ राज्य के सभी नौ सरकारी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के आधे बेड रिजर्व करने का फैसला किया गया। इस तरह राज्य के कोरोना डेडिकेटेड तीन मेडिकल हॉस्पिटल के 2344 बेड के अतिरिक्त, करीब 2650 और बेड उपलब्ध होंगे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER