छत्तीसगढ़ / शादी समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ में झूला टूटने के बाद 12 फीट से नीचे गिरे दूल्हा-दुल्हन

Zoom News : Dec 14, 2021, 09:34 AM
रायपुर:- भारत में इन दिनों शादियों का मौसम चल रहा है। दूल्हा-दुल्हन अपने समारोह को भव्य बनाने के लिए नए-नए तरीके खोज रहे हैं। वेडिंग प्लानर दूल्हा और दुल्हन की एंट्री को खास बनाने के लिए नए-नए प्रयोग करते रहते हैं। हालांकि, ये प्रयोग कई बार भारी पड़ जाते हैं। ऐसा ही कुछ प्रदेश की राजधानी रायपुर में देखने को मिला। रायपुर में शनिवार को एक होटल में शादी समारोह के दौरान क्रेन टूटने से दुल्हा-दुल्हन करीब 18 फीट की ऊंचाई से स्टेज पर जा गिरे। गनीमत रही कि हादसे में उन्हें मामूली चोटें ही आई हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

रिंग से बने झूले में कराई जा रही थी दूल्हा-दुल्हन की एंट्री

दरअसल झूला टूटने का यह मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। यहां स्थित एक होटल में शनिवार को शादी का भव्य आयोजन किया गया था। आयोजन की जिम्मेदारी एक इवेंट कंपनी को दी गई थी। समारोह के दौरान स्टेज पर डांस और आतिशबाजी के बीच एक गोल रिंग से बने झूले में दूल्हा-दुल्हन की क्रेन की मदद से एंट्री कराई गई। एंट्री के साथ ही कपल को ऊपर उठाया जा रहा था, तभी एक ओर से रस्सी टूट गई और दुल्हा-दुल्हन स्टेज पर आ गिरे।

हादसे से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर बाद रस्में पूरी कर शादी कराई गई।इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा गया कि शादी के माहौल के बीच गोल रिंग आकार झूले में दूल्हा-दुल्हन की एंट्री हुई। झूला शादी के स्टेज की तरफ बढ़ रहा था, इसी बीच झूले की रस्सी टूटी और दोनों धड़ाम से गिर गए।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER