वैक्सीनेशन / दृढ़ प्रोत्साहन मिलता है: देश में कोविड-19 की 50 करोड़ डोज़ लगाने का आंकड़ा पार होने पर पीएम

Zoom News : Aug 07, 2021, 07:22 AM
नई दिल्ली: देश में कोरोना टीकाकरण अभियान ने एक अहम पड़ाव को छू लिया है। अबतक देश में कोरोना वैक्सीन की 50 करोड़ से ज्यादा डोज लग चुकी हैं। अकेले शुक्रवार को 43.29 लाख लोगों को कोरोना वैक्सीन लगी। वैक्सीनेशन ड्राइव के इस मील के पत्थर पर को पार करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारीफ की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि उनकी सरकार 'सबको वैक्सीन मुफ्त वैक्सीन' के तहत सभी नागरिकों का टीकाकरण सुनिश्चित करेगी।

40 करोड़ से 50 करोड़ खुराकों तक पहुंचने में सिर्फ 20 दिन लगे

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना वैक्सीन की अबतक 50 करोड़ से ज्यादा डोज लगाई जा चुकी हैं। 40 करोड़ से 50 करोड़ का आंकड़ा महज 20 दिन में पूरा हुआ है।

कोरोना के खिलाफ भारत की जंग ने हासिल की ताकत: पीएम मोदी

50 करोड़ से ज्यादा डोज लगाए जाने की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, 'कोरोना के खिलाफ भारत की जंग ने तेज रफ्तार पकड़ी है। वैक्सीनेशन का आंकड़ा 50 करोड़ को पार कर चुका है। हम इस आंकड़े को विस्तार देने और 'सबको वैक्सीन, मुफ्त वैक्सीन' के तहत अपने सभी नागरिकों को वैक्सीन लगाने की उम्मीद करते हैं।'

देश में अबतक कोरोना टीकाकरण अभियान का सफर

देश में कोरोना टीकाकरण अभियान के इस अहम पड़ाव को पार करने पर स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने ट्वीट कर बताया कि अबतक इस अभियान की रफ्तार कैसी रही। उन्होंने बताया कि भारत को कोरोना वैक्सीन की 10 करोड़ खुराकों को लगाने में 85 दिन का वक्त लगा। 10 से 20 करोड़ पहुंचने में 45 दिन, 20 से 30 करोड़ पहुंचने में 29 दिन, 30 से 40 करोड़ पहुंचने में 24 दिन और 40 से 50 करोड़ पहुंचने में केवल 20 दिन लगे। इस तरह अगर 10 करोड़ खुराकों को पैमाना माना जाए तो हालिया 10 करोड़ खुराकें सबसे कम वक्त में लगाई गईं हैं।

16 जनवरी से शुरू हुआ था टीकाकरण अभियान

देश में 16 जनवरी को कोरोना वैक्सीनेशन की शुरुआत हुई थी। सबसे पहले इसे हेल्थकेयर वर्कर्स के लिए खोला गया। 2 फरवरी से फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी इसमें शामिल कर लिया गया। 1 मार्च से वैक्सीनेशन को 60 साल से ऊपर के सभी लोगों और 45 साल से ऊपर के उन लोगों के लिए खोला गया जो पहले से किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। बाद में 1 अप्रैल से 45 साल से ऊपर के सभी लोगों के लिए वैक्सीनेशन शुरू हो गया। उसके एक महीने बाद 1 मई से देश में 18 साल से ऊपर के सभी लोगों के लिए वैक्सीनेशन को खोला गया।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER