दुनिया / Covid-19: चीन-जापान समेत इन 5 देशों में फिर लौट रहा है कोरोना

News18 : Jun 19, 2020, 08:53 AM
नई दिल्ली। क्या कोरोना वायरस (Coronavirus) की वापसी हो रही है? पहली नजर में यह सवाल थोड़ा अटपटा लग सकता है। आप कहेंगे कि अभी तो इस वायरस का कहर पूरी दुनिया पर छाया हुआ है। इसके खत्म होने के आसार भी नहीं दिख रहे हैं। और जो चीज अभी पूरी ताकत से मौजूद है, उसकी वापसी की बात करना या दावा करना कितना सही होगा। लेकिन जब आप विस्तार पर जाएंगे तो पाएंगे कि सवाल सही है और उसका जवाब भी आपको दो मिनट के भीतर ही मिल जाएगा। आप पाएंगे कि कई देशों में कोविड-19 (Covid-19) की दूसरी लहर लौट रही है।

आपने कुछ दिन पहले पढ़ा, सुना या देखा होगा कि न्यूजीलैंड कोरोना मुक्त हो गया है। इसकी खबर जोरशोर से चली थी। हालांकि, वहां कोरोना की वापसी हो गई है और दो लोगा पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। लेकिन हमारे सवाल के जवाब में न्यूजीलैंड का नाम शामिल नहीं है। न्यूजीलैंड में कोरोना की वापसी बहुत चिंता की बात नहीं है क्योंकि यहां गिनती काफी कम है। हम तो ऐसे देशों, राज्यों या शहरों की बात कर रहे हैं, जहां कभी कोरोना का कहर था। फिर उसे काफी हद तक काबू कर लिया गया और जिंदगी पटरी पर लौटने लगी। लेकिन महीने-दो महीने के भीतर ही कोरोना फिर अपने पुराने रंग में लौट आया। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक इन देशों में चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, अमेरिका और ईरान शामिल हैं।


चीन में 150 मरीज सामने आए

चीन (China) कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाला पहला देश था। यह भी उतना ही सच है कि चीन ही कोरोना मुक्त होने वाला पहला देश था। अप्रैल से जून के बीच 57 दिन तक इस देश में एक केस भी नहीं आया। लगा सब ठीक हो गया है। फिर 11 जून को एक केस आया। चीन ने आनन-फानन में निर्णय लिए। बीजिंग को सैनिटाइज कराया गया। स्कूल बंद हो गए। बाजार पर पाबंदियां लग गईं। यातायात फिर थमने लगा। 70 फीसदी फ्लाइट कैंसल हो गईं। इस सबके बावजूद आज की तारीख में चीन में करीब 150 एक्टिव केस हैं। चीन में कोरोना लौट आया है।

ईरान में दोगुने हो गए नए केस

ईरान (Iran) कोरोना वायरस से पीड़ित होने वाले शुरुआती देशों में से एक था। मार्च के महीने में यहां 2-3 हजार के बीच केस आ रहे थे। 30 मार्च को यहां 3186 केस आए। इसके बाद केस घटने लगे। मई में यहां रोजाना आने वाले केस 1000 से कम हो चुके थे। लेकिन एक जून से मामला उलट गया है। चार जून को यहां 3600 केस आए। जून के पहले सप्ताह का औसत 3 हजार केस से ज्यादा का रहा। अब भी यहां करीब 2 हजार के रोज आ रहे हैं। ईरान में अपने देश में जब पाबंदियां हटाई थीं, तब यहां 70 हजार केस थे। कोरोना की वापसी के बाद अब यहां 1,95 लाख केस हो चुके हैं। इनमें 9 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।


अमेरिका के कई राज्यों में हुई वापसी

अमेरिका (United States) में इस समय दुनिया के सबसे अधिक कोरोना केस हैं। यहीं सबसे अधिक मौतें भी हुई हैं। ऐसे में वापसी की बात खटक सकती है। इसलिए हम बता दें कि अमेरिका (America) के एरिजोनो, फ्लोरिडा, नेवादा, ओक्लाहोमा, ओरगन और टेक्सास के बारे में रिपोर्ट आई थी कि ये राज्य कोरोना का पीक देख चुके हैं। अब यहां केस घटेंगे। ऐसा हुआ भी और इन राज्यों में केस घ्टने लगे। इसके बाद यहां बाजार खोल दिए गए। कई और पाबंदियां हटा ली गईं। लेकिन इन राज्यों में कोरोना फिर से लौट आया है। फ्लोरिडा में बुधवार को 2600 और एरिजोना में 1800 नए केस दर्ज किए गए।


जापान भी लौट रहा कोरोना

जापान (Japan) में 14 जून को 47 नए केस आए। पांच मई के बाद यह पहला मौका था जब जापान में इतने अधिक केस आए हों। लेकिन यह एक दिन की बात नहीं है। इस सप्ताह तीन बार जापान में 40 से अधिक केस आए। आपको याद होगा कि जापान ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए स्टेट इमरजेंसी लगा दी थी। हालात सुधरे और 25 मई को इमरजेंसी हटा ली गई। अब तो वहां बाजार खुल चुका है। नाइटक्लब शुरू होने वाले हैं। लेकिन जून के दूसरे और तीसरे सप्ताह आए नए केस ने जापान की चिंता बढ़ा दी है।


दक्षिण कोरिया में फिर बढ़ रहा कोरोना

दक्षिण कोरिया (South Korea) उन चुनिंदा देशों में से एक है, जिसके बारे में यह कहा जाता है कि उसने कोरोना वायरस की समस्या से सही ढंग से निपटा है। लेकिन लगता है कि चीन, जापान की तरह यहां भी कोरोना लौट आया है। यहां पिछले 24 घंटे में 59 नए केस सामने आए हैं। यह 28 मई के बाद एक दिन में सबसे अधिक केस हैं। उस दिन 79 केस आए थे। इनमें से 51 केस लोकल ट्रांसमिशन के बताए जा रहे हैं। इन केस के बाद कोरिया ने कुछ सख्त निर्णय लिए हैं। जो भी हो, दक्षिण कोरिया में कोरोना का प्रसार फिर से तेज होता दिख रहा है।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER