Coronavirus / मुंबई में महीनों बाद पहली बार Covid-19 सबसे कम 785 मामले, महाराष्ट्र में अब तक 217121 केस

News18 : Jul 07, 2020, 08:37 PM
मुंबई। महाराष्ट्र (Maharashtra) में एक दिन में कोरोना वायरस (Coronavirus) के 5134 आंकड़े सामने आए हैं। जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 217121 हो गई है। महाराष्ट्र में इसी अवधि में 224 मौतें हुई हैं जिसके बाद कोविड-19 (Covid-19) से जान गंवाने वालों का आंकड़ा बढ़कर 9250 हो गया है। वहीं मुंबई (Mumbai) में कोरोना वायरस के एक महीने में अब तक के सबसे कम 785 केस आए हैं जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 86509 हो गई है। मुंबई में 24 घंटे में 64 मौतें हुई हैं जिसके बाद अब तक यहां मौतों का आंकड़ा 5002 हो गया है। बता दें मुंबई कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में चीन (China) से आगे बढ़ गया है। चीन में कोरोना वायरस के 83,565 मामले आए हैं जबकि 4,634 हुई है।

वहीं मुंबई में बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (CM Uddhav Thackeray) ने मंगलवार को मुलुंड, दहिसर, महालक्ष्मी रेस कोर्स और बीकेसी में क्षेत्रीय अस्पतालों को जनता को समर्पित किया। इन नए अस्पतालों में कोविड-19 मरीजों के लिए 3250 बिस्तर उपलब्ध कराए गए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया कि इस ऑनलाइन कार्यक्रम में मंत्री असलम शेख और आदित्य ठाकरे तथा मुम्बई के महापौर किशोरी पेडनेकर भी मौजूद थे। मुलुंड में 1700 बिस्तरों की क्षमता वाले समर्पित कोविड-19 स्वास्थ्य केंद्र को राज्य सरकार की नियोजन एजेंसी सिटी एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कोरपोरेशन (सिडको) ने स्थापित किया है।

मुंबई में रिकवरी रेट 67 प्रतिशत

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार दहिसार (पूर्व) में मुम्बई मेट्रो की मदद से 900 बिस्तरों वाले एक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की गयी है। महालक्ष्मी रेसकोर्स में 700 बिस्तरों वाला ऐसा ही स्वास्थ्य केंद्र खोला गया है जबकि बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के एक ऐसे की सुविधा केंद्र में 112 आईसीयू बेड हैं। इसे मुम्बई मेट्रोपोलिटन रीजन डेवलपमेंट ऑथोरिटी ने तैयार किया है। दहिसर (पश्चिम) में 108 बिस्तरों वाला अस्थायी अस्पताल खोला गया है। बृहन्मुम्बई महानगरपालिका के अनुसार मुम्बई में कोविड-19 संक्रमण से उबरने की दर 67 फीसद है।

15 लाख से ज्यादा लोग आईसोलेशन में

कोविड-19 महामारी फैलने के बाद संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की पहचान करते हुए अब तक मुंबई में 15 लाख से अधिक लोगों को पृथक-वास में भेजा गया है। बृहन्मुंबई नगर निगम ने यह जानकारी दी। बीएमसी ने कहा कि इनमें से 5.34 लाख लोगों की पहचान उच्च जोखिम वाले संपर्क के रुप में की गई है। इसने कहा है कि अब तक कुल 13.28 लाख लोग 14 दिन का पृथक-वास पूरा कर चुके हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER