COVID-19 Update / देश में कोरोना के मामले 21 लाख के पार

Zoom News : Aug 08, 2020, 10:30 PM

देश में संक्रमितों का आंकड़ा शनिवार को 21 लाख के पार हो गया है। 24 घंटे में देश में 61 हजार 455 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस बीच, महाराष्ट्र में संक्रमितों का आंकड़ा 5 लाख से ज्यादा हो चुका है। 24 घंटे में यहां रिकॉर्ड 12,822 संक्रमित मिले।

वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में रिकवर मामलों की कुल संख्या 14.2 लाख से ज्यादा हो गई है। रिकवरी रेट में लगातार सुधार हो रहा है, यह अब 68.32% हो गया है। वहीं मृत्यु दर 2.04% है।उधर, इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने बताया कि शुक्रवार को 5 लाख 98 हजार 778 कोरोना टेस्ट किए गए।

इसके साथ, देश में अब तक 2 करोड़ 33 लाख 87 हजार 171 सैंपल की जांच हो चुकी है। उधर, केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उन्होंने शनिवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्हें जोधपुर के एक हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है।


कोरोना अपडेट्स

  • पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में शनिवार को लॉकडाउन की वजह से बाजार बंद रहे। सड़कें भी सूनी नजर आईं। इसके अलावा, 20, 21, 22, 27, 28 और 31 अगस्त को भी राज्य में लॉकडाउन रहेगा।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार सुबह अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 61 हजार 537 मामले सामने आए और 933 लोगों की मौत हो गई। देश में कोरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 20 लाख 88 हजार 611 हो गई है। इनमें 6 लाख 19 हजार 88 एक्टिव केस हैं, जबकि 14 लाख 27 हजार 6 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, 42 हजार 518 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
  • उधर, कोरोना की वैक्सीन बनाने पर देश में काम और ट्रायल चल रहा है। कोरोना की दवा पर दो कंपनियां- भारत बायोटेक और जायडस कैडिला काम कर रही हैं। ह्यूमन ट्रायल शुरू हो चुका है। मोदी सरकार भी इन वैक्सीन को लोगों तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है। इसके लिए केंद्र ने दो पैनल गठित किए हैं।
  • असम में संक्रमितों की संख्या 55 हजार के पार चली गई है। यहां शुक्रवार 2 हजार से ज्यादा पॉजिटिव मिले। राजस्थान में मरीजों की संख्या 50 हजार से ज्यादा हो गई है।
  • अभिनेता अभिषेक बच्चन की शनिवार को कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्हें और अमिताभ बच्चन को 11 जुलाई को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद नानावटी अस्पताल में भर्ती किया गया था। अभिषेक ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।

5 राज्यों का हाल

1. मध्यप्रदेश:
अनलॉक-3 को लेकर राज्य सरकार ने शुक्रवार शाम को नई गाइडलाइन जारी कर दी। इसके मुताबिक, त्योहारों पर बाहर निकलने की छूट नहीं मिलेगी। बाजार रात 10 बजे तक खुल सकेंगे। नाइट कर्फ्यू सुबह 5 बजे तक होगा। भोपाल सहित राज्य में सिर्फ रविवार को ही लॉकडाउन रहेगा। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि होटल और रेस्त्रां अब रात 10 बजे तक खुल सकेंगे, लेकिन उन्हें इस बार गाइडलाइन का सख्ती से पालन करना होगा।

इंदौर प्रशासन ने सिर्फ 56 दुकानों को ही पूरी तरह खोलने की अनुमति दी है। इससे पहले, कोरोना समीक्षा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने साफ कर दिया कि संक्रमण के चलते इस बार गणेश उत्सव, मोहर्रम, जन्माष्टमी के त्योहार सार्वजनिक रूप से नहीं मनाए जाएंगे। इन्हें घर में ही मना सकेंगे। जिलों में डिस्ट्रिक्ट क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के साथ अब निचले स्तर पर मॉनिटरिंग होगी।


2. राजस्थान: 

राज्य में शनिवार को 499 केस सामने आए। अलवर में 91, कोटा में 85, नागौर में 52, उदयपुर में 47, अजमेर में 46, जयपुर में 42, बाड़मेर में 27, सीकर में 26, बांसवाड़ा में 25, झुंझुनू में 19, डूंगरपुर में 18, झालावाड़ में 11, टोंक में 7, बीकानेर में 2, चित्तौड़गढ़ में 1 संक्रमित मिला। आज 9 लोगों की मौत हो गई। इनमें बारां और कोटा में 3-3, बीकानेर, जयपुर और उदयपुर में 1-1 की मौत हो गई।


3. बिहार:

राज्य में कोरोना सैंपल की जांच से लेकर कुल संक्रमितों की संख्या में इजाफे का लगातार नया रिकॉर्ड बन रहा है। राज्य में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 71520 कोरोना सैंपल की जांच हुई, जिसमें 3646 नए संक्रमित मरीजों की पहचान की गई।

राज्य में संक्रमण दर लगातार घट रही है। पिछले दस दिनों की अगर बात करें तो 31 जुलाई को संक्रमण दर 13.12% पर पहुंची थी। लेकिन 7 अगस्त को संक्रमण दर 5.09% रह गई है। यानी इंफेक्शन रेट आधा से भी कम हो गया है।


4. महाराष्ट्र:

मुंबई की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में शुक्रवार को सात नए मामले सामने आए। यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,604 पहुंच गई। उधर, पुणे में एक्टिव कोरोना संक्रमितों की संख्या देश में सबसे ज्यादा हो चुकी है। शुक्रवार तक यहां कुल संक्रमित मरीज 1 लाख 264 हैं, जिनमें से 30 हजार से ज्यादा एक्टिव पेशेंट हैं। यहां 2290 मरीजों की मौत भी हो चुकी है। लगातार बढ़ते मामलों के बीच अब पुणे में 3 जंबो कोविड सेंटर तैयार किए गए हैं। हर सेंटर में 600 ऑक्सीजन बेड और 200 आईसीयू बेड लगाये गए हैं।


5. उत्तरप्रदेश :

राज्य के अपर मुख्य सचिव अवस्थी ने कहा कि हम कोविड गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करा रहे हैं। नियमों को नहीं मानने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अभी तक धारा 188 के अंतर्गत कुल 1 लाख 74 हजार एफआईआर दर्ज की गई है। साढ़े तीन लाख से ज्यादा लोगों को नामजद किया गया है। 66 हजार 600 से अधिक वाहनों को सीज किया गया है और 59 करोड़ 13 लाख रुपए चेकिंग दौरान वसूले जा चुके हैं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER