विशेष / क्या इस लड़की की वजह से दुनियाभर में फैला कोरोना वायरस, लड़की ने खाया चमगादड़

AajTak : Jan 25, 2020, 06:25 AM
विशेष | कोरोना वायरस अब भारत तक पहुंच चुका है। मुंबई में दो संदिग्ध मामले सामने आए हैं। फिलहाल, उनका परीक्षण कराया जा रहा है। अब तक जानलेवा कोरोना वायरस से चीन में 26 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 830 लोग संक्रमित हैं। 

इसी बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि कोरोना वायरस चीन की एक लड़की के जरिए फैला जिसने चमगादड़ खा लिया था।  

चमगादड़ को खाते और उसका सूप पीते हुए लड़की का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो के साथ यह मैसेज वायरल हो रहा है कि चमगादड़ खाने के बाद लड़की में कोरोना वायरस पनपा, जो लोगों में फैल गया।

वहीं, चीन के एक वैज्ञानिक ने यह दावा किया है कि कोरोनावायरस (Coronavirus) सांप और चमगादड़ के जरिए लोगों में फैला है। चीन के वुहान में ऐसे जीव-जंतुओं का बाजार है जहां सांप, चमगादड़, मैरमोट्स, पक्षी, खरगोश आदि बिकते हैं। इन जीवों को चीन के लोग खाते हैं।

वैज्ञानिकों का मानना है चमगादड़ से फैलने वाला SARS (Severe Acute Respiratory Syndrome) का वायरस सांप के जरिए लोगों में फैला। मालूम हो कि चीन में कोरोना वायरस के डर से वुहान समेत 9 शहरों को बंद कर दिया गया है। वुहान में 700 से अधिक भारतीय स्टूडेंट पढ़ाई करते हैं।

क्या है कोरोना वायरस:

कोरोना वायरस विषाणुओं के परिवार का है। यह वायरस ऊंट, बिल्ली और चमगादड़ सहित कई पशुओं में भी प्रवेश कर रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, कोरोना वायरस सी-फूड से जुड़ा है।

क्या हैं इसके लक्षण:

कोरोना वायरस के मरीजों में जुखाम, खांसी, गले में दर्द, सांस लेने में दिक्कत, बुखार जैसे शुरुआती लक्षण देखे जाते हैं। इसके बाद ये लक्षण न्यूमोनिया में बदल जाते हैं और किडनी को नुकसान पहुंचाते हैं। फेफड़े में गंभीर किस्म का संक्रमण हो जाता है।

अभी तक इस वायरस से निजात पाने के लिए कोई वैक्सीन नहीं बनाई गई है। लेकिन इसके लक्षणों के आधार पर ही चिकित्सक इसके इलाज में दूसरी जरूरी दवाओं का उपयोग कर रहे हैं। हालांकि अब इसकी दवा भी खोजी जा रही है।

ये हैं बचाव के उपाय:

-अपने हाथ साबुन और पानी या अल्कोहल युक्त हैंड रब से साफ करें।

-खांसते और छींकते वक्त अपनी नाक और मुंह को टिश्यू या मुड़ी हुई कोहनी से ढकें।

-जिन्हें सर्दी या फ्लू जैसे लक्षण हों, उनके साथ करीबी संपर्क बनाने से बचें।

-इसके अलावा खाने को अच्छे से पकाएं,  मीट और अंडों को भी पकाकर ही खाएं। जानवरों के संपर्क में कम आएं।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER