नई दिल्ली / अफेयर के शक के चलते पत्नी को उतारा मौत के घाट, शव के किये कई टुकड़े

Jansatta : Sep 23, 2019, 12:08 PM
देश की राजधानी दिल्ली में अपराध की एक ओर सनसनीखेज कहानी सामने आई है। यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी को अफेयर के शक के चलते मौत के घाट उतार दिया। इतना ही उसने मर्डर के बाद भी बर्बरता दिखाते हुए पत्नी के शव के कई टुकड़े कर डाले। घटना दिल्ली के प्रेम नगर इलाके की बताई जा रही है। इलाके में इस मर्डर से सनसनी मची हुई है, हर किसी की जुबान पर इसी घटना की चर्चा है।

सेप्टिक टैंक में डाल दिए लाश के टुकड़ेः मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक घटना शनिवार (21 सितंबर) की बताई जा रही है। आरोपी ने पहले पत्नी को चाकू घोंपकर मौत के घाट उतार दिया, फिर उसके शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए। इसके बाद उसने वो टुकड़े घर के पास ही सेप्टिक टैंक में डाल दिए। इसके बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस थाने जाकर गुनाह कबूल कर लिया।

पत्नी पर शक के चलते किया मर्डरः पुलिस ने फिलहाल आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आरोपी को अपनी पत्नी पर शक था। उसे लगता था कि उसकी पत्नी का किसी के साथ अनैतिक संबंध है। हालांकि उसे किस व्यक्ति पर शक था, उसका नाम सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है। इस संबंध में कई लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।

राजधानी में लगातार बढ़ रहा अपराध का ग्राफः गौरतलब है कि राजधानी दिल्ली में इस तरह की कई वारदात पिछले दिनों सामने आ चुकी हैं। संदेह के चलते रिश्तों के कत्ल से हर कोई हैरान है। राजधानी में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। इस मामले में फिलहाल पुलिस की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पूरा खुलासा हो पाएगा।


SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER