लाइफस्टाइल / संडे हो या मंडे रोज खाओ अंडे, सभी जरूरी पोषक तत्त्व होते है मौजूद

AMAR UJALA : Oct 12, 2019, 07:32 AM
हेल्थ डेस्क | अकसर विज्ञापनों में एक पंच लाइन देखने को मिलती है, संडे हो या मंडे रोज खाओ अंडे। लेकिन डॉक्टरों की मानें तो यह पंच लाइन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का नुस्खा है। 

एक अंडे में प्रोटीन, विटामिन, कैल्शियम और आयरन जैसे सभी जरूरी पोषक तत्त्व मौजूद होते हैं। एनिमल हसबेंडरी के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. कंवरजीत ने बताया कि ज्यादातर लोग अंडे को मांसाहारी मानकर खाने से परहेज करते हैं। लेकिन वैज्ञानिक अंडे को शाकाहारी मानते हैं। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रीशन, हैदराबाद के मुताबिक एक व्यक्ति को संतुलित आहार के लिए साल में कम से कम 180 अंडे खाने चाहिए यानी एक हफ्ते में चार अंडे।

भारत में देसी मुर्गी के अंडे को प्रोटीन और पोषक तत्त्वों का भंडार माना जाता है। इसका रेट साधारण अंडे से दो से तीन गुना ज्यादा होता है। इसलिए ज्यादातर लोग देसी अंडा नहीं खा पाते हैं। सेंट्रल पोल्ट्री डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन की डायरेक्टर ने बताया कि जो लोग देसी मुर्गी का अंडा नहीं खरीद पाते। वो बटेर का अंडा खरीदकर खा सकते हैं। बटेर का अंडा मात्र 50 पैसे में मिल जाता है। बटेर के अंडे में देसी मुर्गी केअंडे जितने पोषक तत्त्व पाए जाते हैं। हालांकि यह साइज में देसी मुर्गी के अंडे से काफी छोटा होता है।

इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 से खरीदें बटेर का अंडा

चंडीगढ़ में देसी अंडा करीब 15 रुपये का मिलता है। ऐसे में आप इसकी जगह बटेर का अंडा ले सकते हैं। बटेर के अंडे इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 के सेंट्रल पोल्ट्री डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन में 12 महीने उपलब्ध रहता है। कोई भी व्यक्ति यहां से खरीद सकता है।

मल्टी विटामिन की गोली है अंडा

अंडे में विटामिन ए, डी, ई, बी-6, बी-1 और बी-12 पाया जाता है, जो आंखों, मजबूत हड्डियों और दांतों, शरीर में लाल रक्त कणिकाओं में वृद्धि, कमजोरी दूर करने इत्यादि के लिए वरदान माना जाता है। अंडा उन कुछ खाद्य पदार्थों में से है, जिनमें प्राकृतिक रूप से विटामिन डी पाया जाता है। अंडे में प्रोटीन भी अधिक मात्रा में पाया जाता है। यह प्रोटीन पचने में भी आसान रहता है। इसके अलावा अंडे में कैल्शियम, वसा, राइबोफ्लेविन, आयरन, नियासिन और फॉलेट भी भरपूर मात्रा में पाया जाता है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER