चंडीगढ़ / बड़े भाई ने किया प्रेम विवाह, छोटे भाई को जिंदा जलाया, तीन के खिलाफ मामला दर्ज

AMAR UJALA : Nov 25, 2019, 07:50 AM
मानसा | मानसा के वार्ड नंबर 15 में मजदूर परिवार के लड़के को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया। उसकी लाश पुलिस को रविवार की सुबह एक शेलर के पास खुले मैदान में पड़ी मिली। मृतक के बड़े भाई ने प्रेम विवाह किया था। बड़े भाई के घर लड़का होने पर छोटा भाई भाभी के मायके वालों का मुंह मीठा कराने की बात कहता था। 

आरोप है इससे नाराज होकर भाभी के मायके वालों ने उसकी हत्या कर दी। मृतक के पिता के बयान पर थाना सिटी एक की पुलिस ने बहू के दो भाइयों समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लाश के पास से कुछ नमूने भी लिए है। 

शहर के बाग वाला गुरुद्वारा के पास रहने वाले जसप्रीत सिंह (17) को शनिवार की रात कुछ लड़के घर से बुलाकर ले गए। उसकी जली हुई लाश सुबह खाली पड़े एक मैदान से मिली। जसप्रीत सिंह के दोनों हाथ व पाव बांधकर उसके मुंह में कपड़ा डाला गया और बाद में पेट्रोल डालकर उसे आग लगा दी। 

पुलिस को मृतक जसप्रीत सिंह के पिता सूरत सिंह ने बताया कि उसके बड़े लड़के कुलविंदर सिंह ने करीब दो वर्ष पहले पड़ोस की लड़की से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद बेटे-बहू बुढलाडा में रहने लगे। पिछले दिनो कुलविंदर के घर एक लड़का जन्मा । इस पर जसप्रीत लड़की वालों को लड्डू खिलाने और अपनी भाभी को बुढलाडा से घर लाने की बात करता रहता था। 

सूरत सिंह के मुताबिक जसप्रीत की इन बातों से लड़की वाले खफा हो गए और योजना के तहत शनिवार की रात कोई लड़का जसप्रीत को घर से बुलाकर ले गया और उसके हाथ पैर बांधकर पेट्रोल छिड़कर उसे जिंदा जला दिया। बाद में उसकी लाश को एक खाली पड़े मैदान में फेंक दी। थाना सिटी-1 मानसा की पुलिस ने सूरत सिंह के बयान पर लड़की के भाई जश्न सिंह, उसकी मौसी के लड़के गुरजीत सिंह व एक अन्य लड़के राजू पर कत्ल का मामला दर्ज किया है। 

थाना प्रभारी सुखजीत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद जसप्रीत का शव परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि इस घटना को कैसे अंजाम दिया गया, इस पर पुलिस ने अपनी जांच बैठा दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा। 

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER