देश / प्रसिद्ध साहित्यकार गंगा प्रसाद विमल का श्रीलंका में सड़क हादसे में निधन

News18 : Dec 26, 2019, 10:01 AM
नई दिल्ली। हिंदी के प्रसिद्ध साहित्यकार गंगा प्रसाद विमल (Ganga Prasad Vimal) और उनके दो परिजनों का दक्षिण श्रीलंका में एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। 80 वर्षीय विमल परिवार के साथ श्रीलंका की निजी यात्रा पर गये थे। विमल के एक पारिवारिक मित्र ने बताया कि सड़क हादसे में विमल के साथ उनकी बेटी कनुप्रिया और नाती श्रेयस की भी जान चली गई है।

विमल के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने शोक जाहिर किया। साहित्य जगत के अनेक लोगों ने भी विमल के परिवार के साथ संवेदना जाहिर की। श्रीलंका से आई खबर के अनुसार, पुलिस ने बताया कि विमल अपने परिजनों के साथ दक्षिणी श्रीलंका में वैन से यात्रा कर रहे थे, जो सोमवार रात सदर्न एक्सप्रेसवे पर एक कंटेनर ट्रक से टकरा गयी।

वैन दक्षिणी बंदरगाह शहर गाले से कोलंबो की ओर जा रही थी। पुलिस ने बताया कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में 52 वर्षीय श्रीलंकाई वाहन चालक की भी मौत हो गई है।

दामाद योगेश सहगल और नातिन ऐश्वर्या घायल

दुर्घटना में विमल के दामाद योगेश सहगल और नातिन ऐश्वर्या घायल हो गये। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विमल के निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, ‘हिंदी के शीर्षस्थ रचनाकार डॉ गंगा प्रसाद विमल, उनकी पुत्री व नाती की सड़क हादसे में अकस्मात मृत्यु की खबर अत्यंत दु:खद है।’ उन्होंने ट्वीट किया, ‘उत्तरकाशी में जन्मे विमल हिंदी साहित्य के सशक्त हस्ताक्षर के रूप में जाने जाते थे।’

निशंक ने ट्वीट किया, ‘विमल के निधन से साहित्य जगत की अपूरणीय क्षति हुई है, मुझे भी व्यक्तिगत नुकसान हुआ है। मैं ईश्वर से दिवंगत लोगों की आत्माओं की शांति की कामना करता हूं व दु:खी परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट करता हूं।’बता दें कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय और केंद्रीय हिंदी संस्थान समेत विभिन्न संस्थानों में प्रमुख जिम्मेदारियां निभा चुके विमल लेखक और कवि होने के साथ ही बड़े समीक्षक तथा अनुवादक भी थे।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER