देश / किसानों को मिला केजरीवाल का साथ, बोले- तीनों खेती बिल किसान विरोधी हैं

Zoom News : Nov 26, 2020, 12:09 PM
किसानों के 'दिल्ली चलो' विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है और ऐतिहात के तौर पर मेट्रो स्टेशनों को भी बंद रखा गया है। बॉर्डर से गुजरने वाले हर वाहनों की जांच की जा रही है। आपको बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा हाल में पास किए गए कृषि कानूनों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले हजारों किसान आज दिल्ली में विशाल प्रदर्शन करेंगे। वहीं पुलिस इन प्रदर्शनकारी किसानों पर नजर रखने के लिए ड्रोन का सहारा ले रही है। 

दिल्ली में किसान आंदोलन से जुड़े लाइव अपडेट्स

- कृषि कानून के खिलाफ किसानों का विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया। पंजाब के शंभू बॉर्डर में किसान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड को उठाकर सड़क किनारे खेतों में फेंक दिया, साथ ही सड़क पर लगे डिवाइडरों को भी नुकसान पहुंचाया।

- कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली की ओर कूच कर रहे किसानों ने शंभू बॉर्डर पर पुलिस बैरिकेड को नुकसान पहुंचाया।

- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके कहा है कि केंद्र सरकार के तीनों खेती बिल किसान विरोधी हैं। ये बिल वापिस लेने की बजाय किसानों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है, उन पर वॉटर कैनन चलाई जा रही हैं। किसानों पर ये जुर्म बिलकुल ग़लत है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन उनका संवैधानिक अधिकार है।

- पंजाब: कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए किसान फतेहगढ़ साहिब से दिल्ली की तरफ आ रहे हैं। एक प्रदर्शनकारी ने बताया कि हम दिल्ली को कूच कर रहे हैं, वहां रोका जाएगा तो सब सड़कों पर जाम लगा देंगे। हमारे पास 4-5 महीने का सामान है, हज़ार से ज़्यादा ट्रालियां जा रही हैं।

- किसान संगठनों के ‛दिल्ली चलो’ आह्वान के मद्देनजर बदरपुर बॉर्डर पर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। जिन वाहनों में पांच-छह लोग बैठे हैं, उन्हें जांच के बाद ही भेजा दिल्ली में प्रवेश दिया जा रहा है।

- दिल्ली-गुरुग्राम के सरहौल बॉर्डर पर किसान आंदोलन को लेकर पुलिस ने बेरिकेडिंग की। इस दौरान यहां भीषण जाम लग गया।

- दिल्ली-हरियाणा के सिंघु बॉर्डर पर भारी सुरक्षाबल तैनात है, यहां पर ड्रोन कैमरे से भी प्रदर्शन पर नजर रखी जा रही है। हरियाणा में भी करनाल के पास पुलिस ने बैरिकेटिंग की है।

- किसानों के 'दिल्ली चलो' विरोध मार्च को देखते हुए दिल्ली-फरीदाबाद सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि हमारे पास स्पष्ट निर्देश हैं कि भारतीय किसान यूनियन के किसी भी सदस्य को आज और कल दिल्ली में प्रवेश न करने दें। सभी महत्वपूर्ण प्रवेश बिंदुओं पर पुलिस की टीमें तैनात हैं।

गौरतलब है कि विभिन्न किसान संगठनों ने जंतर मंतर पर धरना देने की घोषणा की थी। सूचना के अनुसार सिंघु बॉर्डर पर भारतीय किसान संगठन के नेता एवं कार्यकर्ता बुधवार को जमा हो गए थे। पंजाब से करीब 50 ट्रैक्टर ट्राली में 500 से 600 की संख्या में आए किसान दिल्ली में प्रवेश की तैयारी में थे। लेकिन आउटर नार्थ जिले की पुलिस एवं रिजर्व बल सिंघु बॉर्डर पर तैनात होने से वह दिल्ली में नहीं आ सके।

दिल्ली पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि राजधानी में आने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि किसानों का बड़ा जत्था चोरी छिपे राजधानी में प्रवेश करने की फिराक में है। इसके साथ ही अन्य जिलों की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है।

SUBSCRIBE TO OUR NEWSLETTER